कमलनाथ ने कांग्रेस के सभी जिला अध्यक्षों को दी चेतावनी
भोपाल. मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कांग्रेस की बड़ी बैठक की जिसमें उन्होंने सभी जिलाध्यक्षों को 8 दिन का अल्टीमेटम दिया है। कमलनाथ ने दो टूक कहा कि मंडलम सेक्टर में 25 फरवरी तक नियुक्तियां करें। ऐसा नहीं करने वाले जिलाध्यक्ष दूसरे ही दिन इस्तीफा दे दें, उन्होंने कहा कि अभी सिर्फ सदस्यता अभियान पर फोकस करें।
ज्यादा मेंबर बनाने वाले सम्मानित भी होंगे
कमलनाथ ने जिलाध्यक्षों को हिदायत दी कि यदि किसी जिले में आपसी विवाद है, तो उसे बैठकर निपटाएं। PCC दफ्तर में हुई बैठक में कमलनाथ ने अच्छे काम पर पुरस्कार देने का ऐलान भी किया। सबसे ज्यादा सदस्य बनाने वाले जिलाध्यक्ष को सम्मानित किया जाएगा। सबसे ज्यादा मेंबर बनाने वाले जिलाध्यक्षों को फर्स्ट, सेकंड और थर्ड रैंक के पुरस्कार दिए जाएंगे।
एक–एक जिलाध्यक्ष से रिपोर्ट ली
कमलनाथ ने सभी जिलाध्यक्षों से बारी-बारी से रिपोर्ट ली। इस दौरान कमलनाथ के सामने जिलाध्यक्षों ने अपना दर्द भी बयां किया। उन्होंने कहा कि मंडलम और सेक्टर काम नहीं कर रहे हैं। वहीं, शिकायत करने वाले जिलाध्यक्ष को कमलनाथ ने दो टूक कहा कि सिर्फ सदस्यता अभियान पर फोकस रखें। सदस्यता अभियान किसी भी कीमत पर नहीं रुकेगा। ऑफलाइन और डिजिटल अभियान साथ-साथ चलेंगे।

