188 करोड़ के घोटाले में कारोबारी उमेश शाहरा के घर व ऑफिस पर सीबीआई की छापेमारी, दस्तावेज जब्त किए
इंदौर. केंद्रीय जांच ब्यूरो ने शहर के बड़े कारोबारी उमेश शाहरा सहित उसके सहयोगियों पर 188.35 करोड़ रुपए के बैंक घोटाले में केस दर्ज किया है। इस मामले में सीबीआई की एक टीम गुरूवार सुबह को उमेश शाहरा की तलाश में इंदौर पहुंची। टीम ने उनके घर और ऑफिस में दबिश दी। टीम अभी घर और दफ्तर की जांच कर रही है। घट में मौजूद लोगों से पूछताछ के बाद कुछ दस्तावेज जब्त किए है।
जानकारी के अनुसार सीबीआई की टीम ने इंदौर, मुंबई और बेंगलुरू समेत 6 शहरों में एक साथ छापेमारी की है। इंदौर में रूचि ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड में सीबीआई ने छापेमारी की और दस्तावेज जब्त किए। उमेश के अलावा उसके सहयोगी साकेत बरोदिया और आशुतोष मिश्रा के ठिकानों पर भी छापेमारी की गई है। सीबीआई की ओर से मिली जानकारी के अनुसार बैंक ऑफ बड़ौदा की शिकायत पर ऋण देने वाली बैंकों की संघ की ओर से कंपनी के मुंबई स्थित कार्यालय और इंदौर स्थित कॉपोरेट दफ्तर के अलावा उनके निदेशकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। बैंक धोखाधड़ी के ये आरोप 1 जनवरी 2016 से 31 दिसंबर 2017 की अवधि के दौरान के हैं।
इन पर आरोप है कि इन्होंने डायवर्सन, सट्टा, लेनदेन, कंसोर्टियम बैंक खातों में बिक्री की आय रूटिंग न करने और सात सिस्टर कंपनियों के साथ लेनदेन में गड़बड़ी कर उधार देने वाले बैंकों को नुकसान पहुंचाया। इसमें पंजाब नेशनल बैंक, जम्मू एंड कश्मीर बैंक सहित दो अन्य बैंकों के साथ गबन किया। बैंक ऑफ बड़ौदा की शिकायत पर सीबीआई ने मामले की जांच के बाद केस दर्ज कर लिया था।
इन पर केस दर्ज हुआ
सीबीआई ने रूचि ग्लोबल लिमिटेड के अलावा मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी उमेश शाहरा, साकेत बरोदिया और आशुतोष मिश्रा का नाम आरोपी के रूप में दर्ज किया है। कंपनी रूचि ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज की सहायक कंपनी के रूप में काम करती है। यह धातु, धातु अयस्क, अनाज और दालों की थोक बिक्री करता है।

