कांग्रेस नेताओं को जनता देगी जवाबः सिंधिया
बमौरी, भांडेर, डबरा, ग्वालियर पूर्व विधानसभाओं में सभाओं को किया संबोधित
ग्वालियर मप्र के इतिहास में पहली बार 2018 में 34 में से 26 सीटें जीतकर दीं और सरकार बनवाई, लेकिन बड़े-छोटे भाई ने ग्वालियर-चंबल अंचल से विकास और प्रगति को दूर रख दिया। इस जोड़ी को रोकने के काम ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया है। यही नहीं अब तो कमलनाथ ने श्रीमती इमरती देवी को अपशब्द कहे। अब इसका बदला 3 नवंबर को जनता इस गद्दारी का बदला लेगी और अंचल से कांग्रेस का बोरिया-बिस्तर हमेशा के लिए बांधकर रवाना कर देगी। उन्होंने सवाल उठाया कि मुन्नालाल गोयल और वे स्वयं तो ग्वालियर के हैं, लेकिन कमलनाथ कहां के हैं। यह बात मंगलवार को नाका चंद्रवदनी में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कही।
श्री सिंधिया ने कहा कि छोटे व बड़े भाई ने पूरे मध्यप्रदेश के साथ वादाखिलाफी की। जिस ग्वालियर-चंबल ने पहली बार 26 सीटें देकर कांग्रेस सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, उसी इलाके को विकास से दूर कर दिया। इतिहास गवाह है कि पूज्य दादी, अम्मा महाराज (राजमाता विजयाराजे सिंधिया) ने विकास नहीं करने वाली डीपी मिश्रा सरकार को गिरा दिया। जब कांग्रेस ने पूज्य पिताजी माधवराव को ललकारा तो उन्होंने विकास कांग्रेस बनाकर उसका करारा जबाव दिया। अब विकास और वादाखिलाफी करने वाले छोटे-बड़े भाई (कमलनाथ और दिग्विजय सिंह) को रोकने का काम ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया है। जब कांग्रेस ने जनता से गद्दारी की तो सिंधिया सड़क पर उतर गया। अब तो हद ही कर दी। कमलनाथ ने श्रीमती इमरती देवी को अपशब्द कहे। एक दलित महिला का अपमान किया। इस अपमान का बदला 3 नवंबर को ग्वालियर-चंबल संभाग का जनता लेगी और कांग्रेस का दरवाजा हमेशा के लिए बंद हो जाएगा।
विकास की पिक्चर अभी बाकी है
उन्होंने कहा कि शिवराज ने ग्वालियर पूर्व क्षेत्र के विकास में धन की कमी नहीं आने दी, मुरार नदी प्रोजेक्ट और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का काम शुरु हो गया और यह तो विकास का ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है। श्री गोयल ने विकास के लिए कुर्बानी दी, लेकिन उन्हें गद्दार कहा जा रहा है, जबकि एक पार्षद भी अपनी कुर्सी आसानी से नहीं छोड़ता है। अब विकास के दुश्मनों और प्रगति के बाधक गद्दारों को 3 नवंबर को हमेशा के लिए रवाना करना है।

