90 करोड़ रूपये से अधिक की संपत्ति का मालिक निकला जूनियर ऑडिटर, लोकायुक्त टीम को 4 लग्जरी कारें, ज्वेलरी, फॉरेन करेंसी और पिस्टल भी मिली जब्त
भोपाल. मध्यप्रदेश तकनीकी शिक्षा संचालनालय (टैक्नीकल एज्यूकेशन डायरेक्टोरेट) में पदस्थ जूनियर ऑडिटर रमेश हिंगोरानी लगभग 90 करोड़ रूपये की प्रॉपर्टी का मालिका निकाला। भोपाल में लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार की सुबह हिंगोरानी के बैरागढ़ स्थित आवास सहित 6 ठिकानों पर छापेमारी की। इस बीच क्रेटा, स्कॉर्पियो सहित 4 लग्जरी कारें और 5 दोपहिया वाहन मिले हैं। गोल्ड और डायमंण्ड की 70 लाख रूपये से अधिक और बड़ी मात्रा में भारतीय और फॉरेन करेंसी मिली है। नोट गिनने के लिये मशीन भी लाई गयी। टीम ने बंगले के अलावा गांधीनगर स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल, किरण प्रेरण स्कूल, मैरिज गार्डन में सर्चिंग की। अभी तक की जांच में 90 करोड़ रूपये से अधिक की संपत्ति लोकायुक्त टीम को दस्तावेज मिले है।
लोकायुक्त एसपी दुर्गेश राठौर के अनुसार बुधवार की सुबह 5 बजे कार्यवाही शुरू की गयी थी। आय से अधिक संपत्ति होने की जानकारी के बाद केस दर्ज किया गया था। इसके बाद हिंगोरानी के ठिकानों पर कार्यवाही की गयी। इस बीच बेटे नीलेश के स्कूल में देसी पिस्टल भी मिली है।
छापे की 5 तस्वीरें देखिए-





फॉरेन करेंसी मिली, दस से ज्यादा दुकानों की जानकारी
लोकायुक्त की टीम को सर्चिंग के दौरान हिंगोरानी के घर से विदेशी करेंसी भी मिली है, जिसे बरामद किया गया है। लोकायुक्त को हिंगोरानी की शहर के अलग-अलग इलाकों में दस से ज्यादा दुकानें होने की भी जानकारी मिली है। जिसमें से 6 दुकानें तो अकेले बैरागढ़ में हैं।
स्टॉक मार्केट में इन्वेस्टमेंट के दस्तावेज भी मिले
हिंगोरानी के घर से स्टॉक मार्केट में इन्वेस्टमेंट के दस्तावेज भी मिले हैं। इसी के साथ अब तक हिंगोरानी और उनके परिवार के 10 से अधिक बैंक खातों की जानकारी भी लोकायुक्त को मिली है। बैंक लॉकर के दस्तावेज भी उनके घर से मिल चुके हैं।
स्कूल का संचालन, बेटे-बहुओं को मोटी सैलरी
रमेश हिंगोरानी और उसके बेटों ने सामाजिक संस्था लक्ष्मी देवी विकयोमल सराफा एजुकेशन सोसाइटी के तीन स्कूलों का संचालन अपने हाथ में ले रखा है। लोकायुक्त को मिली शिकायत में इस बात का भी जिक्र है। रमेश ने अपने दोनों बेटों को बगैर योग्यता के समिति के स्कूलों का संचालक बना रखा था।
सरकारी कर्मचारी को लाभ के पद पर रहने का अधिकार नहीं है, इसके बावजूद रमेश ने अपने दोनों बेटों-बहुओं को बगैर योग्यता के समिति के स्कूलों का संचालक बना रखा है। उन्हें सैलरी के रूप में मोटी रकम दी जा रही है।
मुख्यमंत्री मेधावी योजना कार्यालय में पदस्थ हैं हिंगोरानी
एसपी लोकायुक्त दुर्गेश राठौर ने बताया कि रमेश हिंगोरानी सहायक ग्रेड वन के पद पर तकनीकी शिक्षा विभाग के तहत मुख्यमंत्री मेधावी योजना के श्यामला हिल्स स्थित कार्यालय में पदस्थ हैं। रमेश हिंगोरानी की जॉइनिंग तकनीकी शिक्षा विभाग में 32 साल पहले यानी 1992 में हुई थी।

