6 माह में किलागेट से हजीरा मार्ग की बदलेगी तस्वीर, 11 करोड़ की लागत से बन रही है सड़क
ग्वालियर. फूलबाग से किलागेट और किलागेट से हजीरा चौराहा तक जीर्ण-शीर्ण सड़कों की तस्वीर जल्द ही बदलेगी। मंगलवार को प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने इनका भूमिपूजन कियका। 11 करोड़ रूपये की लागत से अगले 6 महीने में बनने जा रही इन सड़कों के बनने से हजीरा किलागेट और चार शहर का नाका क्षेत्र की आबादी को फायदा मिलेगा। किलागेट पर आयोजित कार्यक्रम में सिलावट ने कहा है कि शहर में नई सड़कें बनाने की शुरूआत हो गयी है। जनआन्दोलन बनाकर ग्वालियर को स्वच्छता में हमें पहले नम्बर पर लाना है। सिलावट ने इसके लिये सभा में मौजूद लोगों के हाथ उठावाकर संकल्प दिलाया। प्रभारी मंत्री ने कहा है कि अमृत योजना के तहत पूरे शहर में पानी और सीवर की लाइन बिछाने का कार्य किया गया है।
सीवर ट्रीटमेंट प्लांट और वाटर ट्रीटमेंट के साथ ही पेयजल टंकियों का निर्माण कार्य भी हुआ है। इस परियोजना का पूरा कार्य 31 दिसम्बर तक कर लिया जायेगा। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत भी ग्वालियर में अनेक कार्य किये जा रहे हैं। इनके पूर्ण होने पर ग्वालियर की तस्वीर बदली-बदली दिखाई देगी। केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रयासों से ग्वालियर में हवाई सेवाओं का विस्तार हुआ है। अब ग्वालियर के लोग देश के अनेक शहरों में सीधे हवाई यात्रो का फायदा उठा रहे हैं।
सड़क बनने से रास्ता हो जाएगा सुगम: तोमर
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि इन सड़कों के बन जाने से रास्ता सुमग तो होगा ही दूधिया रोशनी से मार्ग रोशन होगा। हमारी ही विधानसभा क्षेत्र में अंतर्राज्यीय बस स्टैंड का निर्माण और अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम का निर्माण हो रहा है। इनके पूर्ण होने तक क्षेत्र में कई सुविधाएं लोगों को मिलने लगेंगी।स्वास्थ्य के क्षेत्र में हजीरा अस्पताल के आधुनिकीकरण का कार्य किया गया है। हजीरा अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट भी लगाया गया है। सभा काे सांसद विवेक शेजवलकर ने भी संबाेधित किया।

