केंद्र ने दिल्ली के बजट को मंजूरी दी
नई दिल्ली. गृह मंत्रालय ने दिल्ली सरकार का बजट अप्रूव कर दिया है। इसकी जानकारी दिल्ली सरकार को भेज दी गई है। इससे पहले सोमवार को CM केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि केंद्र सरकार दिल्ली का बजट रोकने का आरोप लगाया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उप राज्यपाल (LG) के जरिए गृह मंत्रालय ने दिल्ली सरकार से विज्ञापन समेत तीन मुद्दों पर जवाब मांगा था। इस पर दिल्ली सरकार ने रिप्लाई नहीं किया था। इसलिए बजट अप्रूव नहीं हो सका था। इस पर केजरीवाल ने PM नरेंद्र मोदी तक को चिट्ठी लिखकर कहा था कि बजट मत रोकिए। आज ही दिल्ली सरकार ने इसे वापस गृह मंत्रालय को भेजा था।
दिल्ली के CM ने कहा था ऐसा 75 साल में नहीं हुआ
दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखी है। उन्होंने कहा- प्रधानमंत्री जी दिल्ली के लोगों से आप क्यों नाराज हैं। कृपया बजट मत रोकिए। केजरीवाल ने कहा कि देश के 75 साल के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है, जब दिल्ली में बजट पेश होने से एक दिन पहले केंद्र ने इस पर रोक लगा दी है। ये सीधे तौर पर केंद्र सरकार की गुंडागर्दी है। वित्त मंत्री कैलाश गहलोत ने मंगलवार को दिल्ली विधानसभा में बताया कि बजट की फाइल को अप्रूवल के लिए दोबारा गृह मंत्रालय भेज दिया गया है। उन्होंने बजट रोके जाने पर अफसोस जताते हुए कहा कि जनता का चुना हुआ मुख्यमंत्री और कैबिनेट होने का क्या फायदा जब एक बजट तक पास न कर पाएं।

