40 पैसे सस्ता हुआ पेट्रोल और डीजल
नई दिल्ली. महंगाई की मार से परेशान आम आदमी को बड़ी राहत मिली है। 1 नवंबर 2022, मंगलवार से पेट्रोल और डीजल 40 पैसे प्रति लीटर सस्ता हो गया है। नई कीमतें मंगलवार सुबह छह बजे से प्रभावी हो गईं। सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में पेट्रोल की कीमत 96.72 रुपए, कोलकाता में 106.03 रुपए, मुंबई में 106.31 रुपए और चेन्नई में 102.63 रुपए प्रति लीटर थी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट को देखते हुए इस राहत की उम्मीद की जा रही थी। कच्चे तेल की कीमत पिछले कुछ समय से 95 डॉलर प्रति बैरल से नीचे बनी हुई है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में गिरावट छह महीने से अधिक समय तक स्थिर रहने के बाद आई है। इनके दामों में आखिरी कटौती इसी साल 7 अप्रैल को की गई थी।
माना जा रहा है कि डीजल सस्ता होने का असर अन्य वस्तुओं के दामों पर भी पड़ेगा, क्योंकि पिछले दिनों से माल भाड़े के नाम पर चीजों के दाम बढ़ाए जा रहे थे। राहत की खबर के बीच राजनीति भी शुरू हो गई है। विपक्ष दल कह रहे हैं कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा की केंद्र सरकार ने दाम गिराने का फैसला किया है। विपक्षी नेता कह रहे हैं कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों पिछले कई दिनों से स्थिर है, लेकिन सरकार ने अब दाम कम किए हैं। इसी बहाने देश में बढ़ती महंगाई के लिए भी सरकार को जिम्मेदार बताया जा रहा है।

