हमें भाजपा नहीं, उनका संगठन हराएगा- कमलनाथ
भोपाल. क्या कांग्रेस नगरीय निकाय, पंचायत और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की तर्ज पर काम करेगी। क्या कमलनाथ भाजपा की ताकत के कायल हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भाजपा का उदाहरण देकर समझाया है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस को लेकर भविष्यवाणी करते हुए पार्टी की कमियां भी गिनाईं। इस दौरान दिग्विजय सिंह ने भी अपने कार्यकाल की गलती को स्वीकारा। उन्हाेंने कहा कि SDM को धारा 40 के अधिकार देना सबसे बड़ी गलती थी।
पार्टी के दिग्गज नेताओं ने ये बातें भोपाल के प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कहीं, जहां गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस पंचायती राज संस्था प्रकोष्ठ का सम्मेलन आयोजित किया गया था। सम्मेलन में कमलनाथ ने कहा कि हमारा मुकाबला सिर्फ बीजेपी से नहीं, बल्कि भाजपा संगठन से है। हमारी हार होती है, तो बीजेपी नहीं, बल्कि संगठन हराएगा। एक बात और कि हमने भी ठान लिया, तो कांग्रेस को कोई रोक नहीं सकता।
कमलनाथ बोले आपको कोई बताने नहीं आएगा
कमलनाथ ने कहा कि पंचायत और नगर निकाय के चुनाव हैं। इससे पूरे प्रदेश में संदेश जाएगा। यह मत भूलिए कि आपको कोई बताने नहीं आएगा कि यह करिए। यही कांग्रेस में कमी है। भारतीय जनता पार्टी का जो जमीन से जुड़ा व्यक्ति है, उसे कोई बोलने नहीं जाता कि तुम जाओ, यहां घूमो, फलां काम करो। वहीं, कांग्रेस में हम इंतजार करते हैं कि कोई आए और बोले, तभी हम जाएंगे।

