26 जनवरी को मंत्रियों का मंथन
भोपाल. प्रदेश के सभी मंत्री 26 जनवरी को भोपाल में विभिन्न विषयों को लेकर मंथन करेंगे। क्षमता निर्माण आयोग के विशेषज्ञों के साथ बैठक होगी। इसमें मंत्रियों के छह समूह बनाए जाएंगे, जो विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे और मुख्यमंत्री के सामने उनका प्रस्तुतीकरण होगा। यह बैठक दो बार से टल रही थी। मुख्यमंत्री ने बैठक में बताया कि 13 जनवरी को प्रदेश की युवा नीति घोषित की जाएगी। इसके लिए कालेजों में बाक्स लगाए जाएंगे, जिसमें युवा रोजगार, खेलकूद सहित अन्य विषयों को लेकर सुझाव देंगे।
रीवा में एयरपोर्ट बनाने का निर्णय लिया
अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए सरकार ने विंध्य क्षेत्र की उपेक्षा और नाराजगी को दूर करने की कोशिश शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय में हुई कैबिनेट बैठक में रीवा में एयरपोर्ट बनाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए 99 एकड़ भूमि अधिग्रहित की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि विंध्य क्षेत्र को मंत्रिमंडल में पर्याप्त प्रतिनिधित्व अभी तक नहीं मिला है, जिसे लेकर नेताओं की नाराजगी सामने आती रहती है। उधर, प्रदेश में हुक्का बार लाउंज पर प्रतिबंध लगाने के लिए प्रस्तावित विधेयक का अनुमोदन भी किया गया। इसे अब गृह विभाग राष्ट्रपति की अनुमति के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजेगा। इसमें नियम का उल्लंघन करने पर तीन वर्ष के कारावास और एक लाख रुपये के अर्थदंड का प्रविधान किया गया है।
बैठक में एक लाख रिक्त पदों पर भर्ती के लिए की जा रही प्रक्रिया को लेकर जानकारी दी गई। गृह मंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि 29 हजार शिक्षक, छह हजार पुलिसकर्मी की प्रक्रिया चल रही है। 888 हजार 750 रिक्त पदों के लिए प्रक्रिया पूर्णता की ओर है। 15 अगस्त तक एक लाख रोजगार देने का जो लक्ष्य निर्धारित किया गया है, उसे पूरा किया जाएगा।

