शराबबंदी को लेकर शिवराज सरकार से आर-पार के मूड में उमा भारती, 17 जनवरी तक का दिया अल्टीमेटम
भोपाल. मध्य प्रदेश की पूर्व सीएम उमा भारती लंबे समय से राज्य में शराबबंदी की मांग उठा रही है। इस मुद्दे पर वह कई बार अपनी ही सरकार की आलोचना कर चुकी हैं। हालांकि सीएम शिवराज से मुलाकात के बाद वह कुछ नरम हो गईं थी लेकिन अब एक बार फिर उन्होंने शराब पर रोक को लेकर सरकार को अल्टीमेटम दे दिया है। उमा भारती ने ट्वीट कर लिखा है कि 17 जनवरी के बाद वह इस मुद्दे पर सरकार से आर-पार की लड़ाई लड़ेंगी।
उमा भारती ने ट्वीट में क्या लिखा
उमा भारती ने कई ट्वीट किए हैं। इनमें पूर्व सीएम ने लिखा कि जब 8 तारीख पूर्णिमा को भोपाल छोड़ा था तो सोचा था कि उसमें आवास व्यवस्था में कुछ संशोधन करना पड़ा। क्यूंकि मेरी देखरेख में लगी पुलिस और प्रशासन को मेरी वजह से बहुत असुविधा होने लगी थी। आज से तीन दिन तक भोपाल में अपने आवास में रहूंगी। 3 दिन चेकअप हो जाने के बाद फिर से भ्रमण पर निकलूंगी। अभी तक यह बात साफ हो गई है कि प्रदेश की जनता शराब के खिलाफ है। नई संशोधित शराब नीति जनवरी में घोषित होकर अप्रैल में लागू हो जाएगी। मैं आशान्वित हूं और आशंकित भी। यह पहले से तय है कि 17 जनवरी के बाद आर-पार की लड़ाई भी हो सकती है।

