25-26 अगस्त को टीकाकरण का महाअभियान, ग्वालियर में 2 दिन में 1 लाख लोगों को वैक्सीन लगाने का टारगेट, टीका लगवाने पर लक्की 100 लोगों को मिलेंगे पुरस्कार
ग्वालियर. पूरे प्रदेश में 25 व 26 अगस्त को टीकाकरण का महाअभियान चलाया जाएगा। इस महा अभियान में ग्वालियर में एक लाख लोगों को टीका लगाने का टारगेट रखा गया है। इतना ही नहीं लोगों को वैक्सीनेशन सेंटर तक लाने के लिए उपहार भी दिए जाएंगे। 100 लक्की वैक्सीन लगवाने वालों को उपहार दिए जाएंगे।
कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने रविवार शाम कलेक्ट्रेट कार्यालय में टीकाकरण महाअभियान के संबंध में अधिकारियों की बैठक लेकर दिशा-निर्देश दिए हैं साथ ही खुद प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने भी वैक्सीनेशन के महाअभियान को लेकर कलेक्टर से चर्चा की है। अभियान को सफल बनाने वह उस समय ग्वालियर में ही रहेंगे कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने कहा है कि ग्वालियर जिले में पहले की तरह इस बार भी दो दिवसीय टीकाकरण के महाअभियान में अधिक से अधिक लोगों को टीके लगाए जाएं। इसके लिये जिले में 500 टीकाकरण केन्द्र तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
वापस पुरानी टीम को लगाया जाए
कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बैठक में यह भी निर्देश दिए हैं कि पहले हुए टीकाकरण के महाअभियान में जिन कर्मचारियों को टीकाकरण कार्य में लगाया गया था वे सभी अधिकारी और कर्मचारी वापस टीकाकरण के काम में अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने कार्य को पहले की तरह करने के लिए संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर काम शुरू कर दें। वैक्सीनेशन के महाअभियान में दिए गए दायित्वों का सभी अधिकारी-कर्मचारी पूर्ण निष्ठा के साथ निर्वहन करें। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।
पुरस्कार के जरिए मोटीवेशन का प्रयास
बैठक में कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने यह भी कहा कि गत अभियान की तरह इस महाअभियान में भी सर्वाधिक टीकाकरण करने वाले दलों को और टीकाकरण केन्द्र पर आकर टीका लगवाने वाले लक्की लोगों को पुरस्कृत किया जाएगा। लॉटरी के माध्यम से नाम निकालकर टीका लगवाने वाले 100 लोगों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जायेंगे। जिनमें टीवी, कूलर, फ्रिज, वॉशिंग मशीन एवं अन्य उपकरण शामिल हैं। इसके साथ ही सर्वाधिक टीकाकरण करने वाले दलों को भी सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा।

