Uncategorized

15 अगस्त को मध्यप्रदेश-दिल्ली में धमाके करने का था प्लान, जयपुर-टोंक से 3 नाबालिग सहित 6 बदमाश गिरफ्तार

जयपुर. पंजाब के जालंधर में ग्रेनेड विस्फोट करने वाले बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह बदमाश 15 अगस्त को दिल्ली और मध्यप्रदेश में धमाके करने की फिराक में थे। पुलिस ने 3 नाबालिग समेत 6 बदमाशों को पकड़ा है। राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्से (एजीटीएफ) और पंजाब पुलिस ने मिलकर यह कार्यवाही की है। पुलिस टीम ने जयपुर और टोंक में कार्यवाही कर इन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाशों को पंजाब पुलिस का सौंप दिया गया है।
इन बदमाशों ने 7 जुलाई 2025 का जालंधर में एक शराब व्यापारी की दुकान के सामने ग्रेनेड धमाका कर दहशत फैलाई थी। यह लोग पिछले कई समय से लॉरेंस गैंग के लिये काम कर रहे थे।
अजमेर और जयपुर रेंज में पकड़ा
एडीजी क्राइम दिनेश एमएन ने बताया कि ग्रेनेड धमाके के मामले में राजस्थान पुलिस को पंजाब पुलिस ने अलर्ट भेजा था। इसके बाद एजीटीएफ के एएसपी सिद्धांत शर्मा के सुपरविजन में पूरी टीम संदिग्धों की तलाश में लग गयी थी। जयपुर रेंज और अजमेर रेंज में तलाश किया गया तो टीम ने जयपुर सिटी और टोंक के आपराधिक इलाके में बदमाशों के बारे में सूचना एकत्रित की। इस बीच कुल 6 लोगों की पहचान कर उनको पकड़ा गया। पुलिस ने जितेन्द्र चौधरी उर्फ रितिक पुत्र भागचंद चौधरी निवासी आकोडिया, पुलिस थाना निवाई, जिला टोंक, संजय पुत्र बुद्धराम निवासी नौरंगदेसर, पुलिस थाना शेरगढ़ जिला हनुमानगढ़ और सोनू उर्फ काली पुत्र उदय मंडल निवासी आलमगीर, कपूरथला, पंजाब को गिरफ्तार किया है। इनके अलावा 3 नाबालिक को डिटेन किया गया है। इन सभी बदमाशों को पंजाब से आयी स्पेशल ऑपरेशन सेल को सौंप दिया गया है।
बाबा सिद्धीकी की हत्या की जिम्मेदारी लेने वाला कर रहा था हैंडल
बदमाशों से हुई पूछताछ में पता चला कि ये लोग लॉरेंस गैंग से जुड़े हुए हैं। इनका हैंडलर जीशान अख्तर है, जो कनाडा में रहता है। जीशान ने ही मुंबई में बाबा सिद्धीकी की हत्या की जिम्मेदारी ली थी। जीशान अख्तर, पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी, मनु अगवान और गोपी नवाशहरिया पंजाब आपस में जुड़े हुए हैं, जो देश के विभिन्न क्षेत्रों में आपराधिक गतिविधियों और स्थानीय नवयुवकों को रुपयों का लालच देकर घटना को अंजाम देते हैं। जीशान अख्तर से ये बदमाश इंस्टाग्राम और अन्य ऑनलाइन ऐप से जुड़े हुए थे। जीशान अख्तर ने ही बदमाशों को ग्रेनेड उपलब्ध करवाया था। इसके बाद इन लोगों ने नवाशहर, जालंधर (पंजाब) में ब्लास्ट कर दहशत फैलाई थी। ब्लास्ट के बाद ये लोग राजस्थान आ गए थे। जीशान अख्तर इन बदमाशों से ऑनलाइन ऐप से निर्देश दिया करता था। आरोपी जीशान ने इन लोगों को 15 अगस्त के आसपास में दिल्ली और मध्य प्रदेश के ग्वालियर में धमाका कर बड़ी वारदात करने की जिम्मेदारी दे रखी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *