Newsमप्र छत्तीसगढ़

बरसात के दौरान कहीं पर भी जल भराव की स्थिति न हो- प्रभारी मंत्री

ग्वालियर – प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा है कि गर्मी के मौसम को देखते हुए आमजनों के लिये पेयजल के पुख्ता प्रबंधन किए जाएं। शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में नागरिकों को पेयजल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा है‍ कि नागरिकों के साथ-साथ पशुधन को भी गर्मी के मौसम में पानी उपलब्ध हो यह भी सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही सभी हैंडपंप चालू हालत में रहें, इसकी भी मॉनीटरिंग की जाए। प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने गुरुवार को ग्वालियर प्रवास के दौरान मुरार सर्किट हाउस में प्रशासन, पुलिस एवं नगर निगम के अधिकारियों की बैठक में यह निर्देश दिए।
बरसात के दौरान कहीं पर भी जल भराव की स्थिति न हो। गत वर्षों में जहां भी जल भराव की स्थिति आई हो वहां पर समय रहते सभी प्रबंधन किए जाएं। एलीवेटेड रोड निर्माण के कारण स्वर्ण रेखा में जो मिट्टी जमा है उसको हटाने का कार्य निर्धारित समय-सीमा में किया जाए ताकि बरसात के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न आए।
यातायात प्रबंधन के लिये किए जाएं विशेष प्रयास 
ग्वालियर में बेहतर यातायात के लिये सभी विभाग संयुक्त रूप से प्रयास करें, ताकि यातायात बेहतर हो सके। इसके लिये एक संयुक्त बैठक भी आयोजित की जाए। यातायात में बाधक सभी अस्थायी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी सख्ती के साथ की जाए। नशा करके वाहन चलाने वालों के विरूद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही परिवहन विभाग के माध्यम से ऐसे वाहन चालकों के लायसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी कराई जाए। यातायात प्रबंधन के लिये पुलिस विभाग एवं नगर निगम के माध्यम से भी जो आवश्यक कार्रवाई हो, वह अवश्य की जाए।
प्रभारी मंत्री द्वारा समीक्षा बैठक में इन बिंदुओं पर भी विस्तार से समीक्षा की गई –  एलीवेटेड रोड निर्माण फेस-1 व 2, आगरा ग्वालियर एक्सप्रेस-वे, ग्वालियर रेलवे स्टेशन पुनर्विकास, शासकीय प्रेस का नवीनीकरण, अम्बेडकर स्मारक, सड़कों की मरम्मत, अंतर्राष्ट्रीय बस टर्मिनल,स्वच्छता अभियान, कानून व्यवस्था , प्राचीन बावड़ियों का जीर्णोद्धार, द्वारिका योजना की समीक्षा ।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में विस्तार से अपनी बात रखी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *