01 रूपये में टीवी, ट्रॉली बैग एवं गिटार जैसे सामान पाकर खिले जरूरतमंदों के चेहरे
ग्वालियर – नगर निगम ग्वालियर द्वारा नवाचार के रूप में प्रारंभ किए गए स्वच्छता की दीवाली 01 रूपय वाली अभियान के तहत आज जरूरतमंदों को 01 रूपये में सामान उपलब्ध कराया गया। जिसमें किसी ने टीवी तो किसी ने ट्रॉली बैग लिया। इसके साथ ही एक व्यक्ति को 5-5 सामान उपलब्ध कराये गए। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त आईईसी मुकेश बंसल, सहित डिवाइन एवं म्यूज के वालंटियर उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि नगर निगम ग्वालियर द्वारा 13 अक्टूबर से चलाए जा रहे स्वच्छता की दिवाली 01 रूपये वाली अभियान के अंतर्गत शहर के चारों विधानसभा क्षेत्र में विशेष वाहन द्वारा लोगों के घर से निकलने वाले ऐसे अनुउपयोगी सामग्री को एकत्रित किया गया, जो कि दूसरों के काम आ सके। शहर के नागरिकों ने बडी संख्या में सामग्री निगम के वाहनों में जमा कराई। जिससे फूलबाग स्थित मछली घर आरआरआर सेंटर पर बडी संख्या में सामग्री एकत्रित हो गई।
इस सामग्री को आज शुक्रवार को जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही शहर से सामग्री कलेक्शन का कार्य 20 अक्टूबर तक कराया जाएगा तथा फूलबाग स्थित आरआरआर सेंटर से निरंतर दिवाली बाद भी सामग्री का वितरण जरूरतमंद लोगों को किया जाता रहेगा। आज जरूरतमंद लोगों को ट्रॉली बैग, किताबें, कपडे, गद्दे, मच्छरदानी, ढोलक, जूते चप्पल, गैस चूल्हा, बक्से सहित अन्य सामग्री 01 रूपये में उपलब्ध कराई गई।
अब होगा विक्रम का गिटार सीखने का सपना साकार
नगर निगम द्वारा चलाए गए स्वच्छता की दिवाली 01 रूपये वाली के तहत आज फूलबाग क्षेत्र में रहने वाले 16 वर्षीय विक्रम राठौर को आज जब इस अभियान में 01 रूपये में गिटार मिला तो उसने कहा कि उसका अब गिटार सीखने का सपना पूरा हो जाएगा। क्योंकि इतना महंगा होने के कारण वह कभी नया गिटार लेने की सोच भी नहीं सकता था। उन्होंने कहा कि यह अभियान अच्छा है निरंतर चलना चाहिए।
टीवी पाकर इमरान हुए खुश
गुडी गुडा का नाका निवासी इमरान ने बताया कि वह बहुत दिनों से अपनी माताजी के लिए टीवी लेने की सोच रहे थे। लेकिन मंहगाई होने के कारण वह टीवी नहीं ले पा रहे थे। लेकिन आज नगर निगम द्वारा चलाए गए स्वच्छता की दिवाली 01 रूपये वाली के तहत उन्हें 01 रूपये में टीवी मिल गई। जिससे अब वह अपने घर पर माताजी के साथ टीवी देख सकेंगे।
खिलाने पाकर बच्चों की मनी दिवाली
स्वच्छता की दिवाली 01 रूपये वाली अभियान के तहत आज नगर निगम ग्वालियर द्वारा जरूरतमंदों को सामान का वितरण किया गया। जिसमें बडी संख्या में खिलौने प्राप्त हुए। जब जरूरतमंद लोग सामान लेने आये तो उनके साथ बडी संख्या में बच्चे भी थे। जिससे खिलौने पाकर बच्चे इतने खुश हुए और बोले हमारी तो मन गई दिवाली।

