हाई वॉल्यूम म्यूजिक पर युवक-युवतियों की शराब पार्टी, पुलिस ने मारी रेड
भोपाल. पुलिस ने चूना भट्टी इलाके में देर रात डेढ़ बजे रेड की। हाई वॉल्यूम म्यूजिक पर चल रही बर्थ-डे पार्टी में बड़ी संख्या में कपल्स शामिल थे। पुलिस को देख पार्टी में अफरा-तफरी मच गई। युवक-युवती शराब-बियर का पैग छोड़कर भागने लगे। हालांकि, पुलिस ने पार्टी में शामिल किसी भी युवक-युवती पर कानूनी कार्रवाई नहीं की है। पुलिस ने दावा किया कि पार्टी में शामिल सभी लोग वयस्क थे, इसलिए कार्रवाई नहीं की गई है। चूनाभट्टी थाना प्रभारी ज्ञान सिंह ने बताया कि आबकारी एक्ट, बार नियमों के उल्लंघन के तहत मैनेजर विनोद डोंगरे, अब्दुल जलील और कर्मचारी अनिल साहू, हर्षित धारीवाल, राहुल कुमार के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने पांचों को अभिरक्षा में लिया है। बार मालिक रवीन्द्र कुमार नामदेव को भी आरोपी बनाया जाएगा।
मिसरोद एसीपी, बागसेवनिया टीआई ने मारी रेड
मिसरोद एसीपी अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि रात डेढ़ बजे सूचना मिली कि चूनाभट्टी इलाके में स्थित बार में पार्टी चल रही है। पुलिस तुरंत ही मौके पर पहुंची। बार में लड़के-लड़कियां पार्टी करते मिले। पूछने पर बताया गया कि बर्थ-डे पार्टी चल रही है। कार्रवाई में बागसेवनिया थाना प्रभारी संजीव चौकसे समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
टीआई ज्ञान सिंह ने बताया कि पिंकी नाम की लड़की का जन्मदिन था। निहारिका नाम की लड़की ने पार्टी का आयोजन किया था। इसमें बड़ी संख्या में पिंकी के फ्रेंड शामिल हुए थे। टीआई को लड़कियों के प्रोफाइल के बारे में जानकारी होने से इनकार किया है। बार के अंदर टेबल में पुलिस को शराब-बियर के गिलास में पैग लगे हुए मिले हैं। इस दौरान एक लड़की टीआई संजीव चौकसे से बहस करने लगी।

