सड़क हादसे में सहायक शिक्षिका की मौत
ग्वालियर. आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर टायर के धोखा देने पर एक सहायक शिक्षिका की मौत हो गई है। स्कूल से पढ़ाकर शिक्षिका अपने घर लौट रही थी तभी तेज धूप में अचानक एक्टिवा का पिछला टायर बर्स्ट हो गया और टायर फटते ही गाड़ी सड़क पर लहराते हुए डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में सिर में चोट लगने से शिक्षिक गंभीर रूप से घायल हो गई जिसके बाद उसे हॉस्पिटल पहुंचाया गया जहां इलाज शुरू होने से पहले उसने दम तोड़ दिया। घटना हाईवे पर घाटीगांव सिमरिया टांका के पास की है। घटना के बाद पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर जांच शुरू कर दी है।
शहर के गुढ़ाडांग वाले बाबा निवासी 41 वर्षीय नीतू सिंह पत्नी परमानंद सिंह सहायक शिक्षिका हैं। वह घाटीगांव ब्लॉक स्थित सवराई शासकीय प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ है। वह ड्यूटी कर वापस लौट रही थी। अभी वह अपनी एक्टिवा से हाइवे पर सिमरिया टांका के पास पहुंची ही थी कि तभी उनकी एक्टिवा का टायर बर्स्ट हो गया। टायर बर्स्ट होते ही एक्टिवा अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर लहराते हुए डिवाइडर से जा भिड़ीं। जिससे नीतू के सिर में काफी गंभीर चोट आई थी। हादसे का पता चलते ही राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिक्षिका को उपचार के लिए भर्ती कराया। जहां पर उपचार शुरू होने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। शिक्षिका की मौत का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पीएम हाउस भेज दिया।

