सोनू सूद पर आईटी का छापा, अकाउंट बुक में गड़बड़ी के आरोप में 6 जगह सर्वे की कार्रवाई
नई दिल्ली. बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद के दफ्तर पर इनकम टैक्स विभाग का छापा पड़ा है। सबसे पहले आईटी सोनू के मुंबई स्थित दफ्तर पहुंची। अकाउंट बुक में गड़बड़ी के आरोपों के बाद आईटी की टीमों ने सोनू सूद और उनकी कंपनियों से जुड़ी जगहों पर सर्वे किया है। बीते 27 अगस्त को ही दिल्ली सरकार ने सोनू सूद को स्कूली छात्रों से जुड़े प्रोग्राम का ब्रांड एम्बेसडर बनाया है। इस दौरान उनके आम आदमी पार्टी में शामिल होने की अटकलें भी चली थी पर सोनू ने खुद कहा था कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ उनकी सियासत पर कोई बात नहीं हुई।
कोरोना महामारी और लॉकडाउन के दौरान मसीहा बने सोनू
सोनू सूद ने कोरोना काल में लगाए गए लॉकडाउन के दौरान सबसे पहले प्रवासियों को उनके घर पहुंचाने का बीड़ा उठाया था इसके बाद वे लगातार देश भर के लोगों की मदद करते रहे हैं। कई राज्य सरकारों ने सोनू के साथ काम करने के लिए हाथ मिलाया है, जिनमें पंजाब और दिल्ली सरकार शामिल है। इसके अलावा सोनू ने गुडवर्कर जॉब ऐप, स्कॉलरशिप प्रोग्राम भी चलाए हैं। वे देश में 16 शहरों में ऑक्सीजन प्लांट भी लगवा रहे हैं। कोरोना के दौरान किए गए सोनू के मानवीय कामों के लिए फैंस उन्हें मसीहा कहने लगे।
