सचिन तेंदुलकर ने दोहरा शतक ग्वालियर में 2010 में जड़ा था, ग्वालियर 12 इंटरनेशल मैच हुए जिसमें 8 मैच भारत ने जीते
ग्वालियर. भारत और बांग्लादेश के बीच टी-20 मैच की सीरीज का पहला मुकाबला आज ग्वालियर में खेला जायेगा। मैच शाम 7 बजे से श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्टेडियम में खेला जायेगा। स्टेडियम में प्रवेश शाम 4 बजे शुरू हो जायेगा। ग्वालियर में 1988 से 2010 तक हुए 12 इंटरनेशनल क्रिकेट मैच में टी इंडिया 8 बार जीत दर्ज की। सभी मैच शहर के पुराने कैप्टन रूपसिंह स्टेडियम में खेले गये थे। वनडे का पहला दोहरा शतक यहीं 24 फरवरी 2010 को संचिन तेंदुलकर ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ जमाया था।
श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्टेडियम का शुभारंभ इस वर्ष हुआ है। यानी ग्वालियर में आज इस स्टेडियम में पहला इंटरनेशनल मुकाबला खेला जायेगा। जबकि ग्वालियर में 14 सालों के बाद इंटरनेशनल मैच होने जा रहा है। हिन्दू -महासभा भारत के बांग्लादेश के साथ मैच खेलने के विरोध में है। पुलिस ने शहर से लेकर स्टेडियम तक कड़ी सुरक्षा कर रखी है।
मोबाइल ले जा सकेंगे, पानी-खाना नहीं; 13 पार्किंग
दर्शक स्टेडियम के अंदर मोबाइल ले जा सकेंगे। पानी बोटल, हैंड बैग, फूड, सिगरेट, माचिस, गैस लाइटर, गुटखा, धारदार चीज ले जाने की मनाही है। 13 पार्किंग बनाई गई हैं। 7 पार्किंग फोरव्हीलर, 8 पार्किंग टूव्हीलर के लिए हैं। फोरव्हीलर के लिए 100 रुपए, टूव्हीलर के लिए 50 रुपए चार्ज देना होगा। मोतीझील की ओर और गोल पहाड़िया की तरफ यह पार्किंग बनाई गई हैं।
पिच का मिजाज…बाद के ओवरों में खूब बरसेंगे रन
पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल होगी। पिच क्यूरेटर मनोहर जामले ने कहा- लगातार बारिश के बाद भी पिच में नमी संतुलित रखी गई है। टी-20 फॉर्मैट के अनुकूल पिच पर दर्शकों को चौके-छक्के देखने को मिलेंगे। हालांकि शुरुआती ओवरों में गेंदबाजों को मदद मिल सकती है।
मौसम का मिजाज…मैच पर बारिश का खतरा नहीं
रविवार को टी-20 मैच के दौरान मौसम गर्म रहेगा। खिलाड़ियों और दर्शकों को शाम 4 बजे भी तेज गर्मी का सामना करना पड़ेगा। शाम के समय मौसम राहत भरा रहेगा। इसके साथ ही बारिश की कोई संभावना नहीं है और आर्द्रता (उमस) 50% से 65% के बीच रहेगी।

