श्योपुर से ग्वालियर आ रहे किसानों की तेज रफ्तार में सब्जी से भरी लोडिंग टायर फटने से पलटी, 1 की मौत, 4 घायल
ग्वालियर. श्योपुर से सब्जी लेकर ग्वालियर आ रहे किसानों की लोडिंग का हाइवे पर अचानक टायर फट गया। टायर फटते ही तेज रफ्तार लोडिंग पलट गई। हादसे में एक किसान की मौत हो गई है, जबकि चार लोग घायल हो गए। घटना आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर पनिहार के पास हुई है। घायलों को जेएएच में भर्ती कराया गया है। लोडिंग में टमाटर भरे थे। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर रविवार दोपहर पीएम कराया है। पुलिस घटना के कारणों की पड़ताल कर रही है।
चंबल अंचल के श्योपुर निवासी सुनील कुमार पुत्र विष्णु पेशे से किसान हैं। रात को वह लोडिंग नंबर एमपी07 जीएस-7305 में साथी किसान केशव शाक्य, कल्ला राम, श्रीकृष्ण जाटव और छोटे भाई अशोक के साथ सब्जियां बेचने ग्वालियर की सब्जी मंडी आ रहे थे। लोडिंग ड्राइवर तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था। वह हाइवे पर पनिहार के रायपुर खुर्द मोड पर पहुंचे थे, तभी अचानक लोडिंग का टायर फट गया। टायर फटते ही लोडिंग अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सुनील, केशव, कल्ला, श्रीकृष्ण के साथ ही अशोक घायल हो गए। पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया। यहां सुनील ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।

