शोरूम के मुनीम फर्जी लूट की साजिश में फंसा, पुलिस कर रही है पूछताछ
ग्वालियर. नाइक कंपनी शोरूम के मुनीम ने फर्जी लूट की साजिश रची, लेकिन यह अपनी ही रची कहानी में ऐसा उलझा है कि पुलिस ने चंद घंटों में पूरे मामले का खुलासा कर दिया। घटना पड़ाव थाना स्थित केन्द्रीय विद्यालय नम्बर 1 के पास की है। मुनीम ने 1.18 लाख रूपये बाइक सवार 3 बदमाशों द्वारा लूट की कहानी पुलिस सुनाई थी।
पुलिस के 3 सवाल के बाद ही वह अपनी कहानी में फंस गया। घटना सोमवार की है। लेकिन पुलिस ने मंगलवार को मामला दर्ज कर खुलासा किया है। इसके बाद ही पुलिस ने उसके घर से 1.18 लाख रूपये बरामद करके उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लियाहै। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
क्या है घटनाक्रम
पड़ाव थाना प्रभारी संतोष भदौरिया ने बताया कि, कोटेश्वर मंदिर के पास रहने वाला आकाश जाटव जो कि नाइक कंपनी शोरूम में मुनीम का काम करता है। सोमवार सुबह 10:50 बजे आकाश मॉल में कंपनी के शोरूम से 1.18 लाख रुपए कैश बैग में लेकर HDFC बैंक, सिटी सेंटर ग्वालियर में जमा करने निकला था। दोपहर 2 बजे वह पड़ाव थाना पहुंचा और उसने बताया कि मैं कंपनी का पैसा बैंक में जमा करने जा रहा था। तभी 11 बजे बस स्टैंड से कुछ आगे और केवी-1 स्कूल से पहले बाइक सवार तीन लड़कों ने उस पर झपट्टा मारकर बैग छीन लिया, जिससे वह गिर पड़ा। जब उसने देखा तो बदमाश भाग गए। बैग में नाइक शोरूम ऑनर के 1.18 लाख रुपए और कुछ दस्तावेज रखे थे। लूट की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी।
सीसीटीवी कैमरे में नहीं दिखाई दी लूट
जब पुलिस ने छानबीन की और बताये गये घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो वहां आसपास कोई बाइक सवार ऐसे दिखाई नहीं दिये है। जिनके बारे में कथित फरियादी मुनीम आकाश जाटव ने बताया था। यहां पुलिस को शक हुआ कि यह लूट फर्जी है। इसके बाद पुलिस ने गहनता जांच शुरू की।

