विधानसभा में भाजपा चीफ-व्हिप को मार्शलों ने घसीटकर निकाला, बेहोश हुए, 5 विधायक सस्पेंड
पश्चिम बंगाल. विधानसभा में बंगाली प्रवासियों पर हो रहे अत्याचारों पर चर्चा के दौरान जमकर हंगामा हुआ। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी प्रस्ताव पर बोल रही थी तभी विपक्ष (भाजपा) ने नारेबाजी शुरू कर दी। भाजपा विधायक 2 सितंबर को विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी के निलंबन पर विरोध कर रहे थे। टीएमसी विधायकों ने इन्हें रोकने की कोशिश की, जब विपक्ष के विधायक वेल तक पहुंच गए तो स्पीकर बिमान बनर्जी को अव्यवस्था फैलाने के आरोप में भाजपा के चीफ व्हिप शंकर घोष को विधानसभा से सस्पेंड कर दिया।
विधायक घोष को सदन से घसीटकर बाहर निकाला
विधायक घोष के बाहर जाने से इनकार करने पर मार्शलों को बुलाया गया और उन्हें घसीटकर सदन से बाहर निकाल दिया गया। बाहर निकालते समय वो गिरकर बेहोश हो गए जिसके बाद उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। विधायक घोष के अलावा चार अन्य भाजपा विधायक अग्निमित्र पॉल, मिहिर गोस्वामी, बंकिम घोष और अशोक डिंडा को भी सदन से निलंबित कर दिया गया है।
वहीं स्पीच के दौरान सीएम ममता बनर्जी ने मोदी चोर और वोट चोर के नारे लगाए। पश्चिम बंगाल विधानसभा का तीन दिन का विशेष सत्र 1 सितंबर को शुरू हुआ था। 3 सितंबर को करम पूजा के कारण राजकीय छुट्टी थी। आज 4 सितंबर सत्र का आखिरी दिन था।

