रिटायर्ड टीसी का एटीएम कार्ड बदलकर की ठगी, खाते से निकल गये 95 हजार रूपये
ग्वालियर. बहोड़ापुर थाना इलाके में एटीएम से कैश निकालने आये 87 वर्षीय रिटायर्ड टीसी से एक युवक मददगार बनकर एटीएम कार्ड बदलकर ले गया। जब तक बुजुर्ग घर पहुंचा ठग ने उनके अकाउंट से 95 हजार रूपये पार कर दिये। ठगी का पता बुजुर्ग को उस वक्त पता लगा जब उनके मोबाइल पर कैश निकलने के धड़ाधड़ मैसेज आये।
घटना सोमवार बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के शिवहरे इंटरप्रायजेज के पास सेंट्रल बैंक एटीएम की है। ठगी का पता चलते ही रिटायर्ड टीसी बैंक पहुंचा और एटीएम कार्ड ब्लॉक कराया और इसके बाद ठगी का शिकार वृद्ध बहोड़ापुर थाना पहुंचा और शिकायत की। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
क्या है पूरा मामला
शहर में बहोड़ापुर स्थित आनंद नगर निवासी 87 वर्षीय भैरोलाल पुत्र मोहन लाल रेलवे से रिटायर टीसी है। सोमवार को वह घर खर्च के लिए दस हजार रुपए निकालने के लिए आनंद नगर स्थित शिवहरे इंटरप्राइजेज के पास लगे सेंट्रल बैंक के ATM पर पहुंचे और ATM कार्ड लगाकर पांच हजार रुपए निकाल लिए। इसी बीच उनके पीछे खड़ा युवक पैसे निकालने के लिए जल्दबाजी करने लगा और उनकी मदद करने के नाम पर उनका ATM कार्ड लेकर जल्दी प्रोसेस करने को बोला। इसके बाद वह प्रयास करता रहा, लेकिन पैसे नहीं निकले तो वह कार्ड थमा कर चला गया। कुछ देर और प्रयास करने के बाद जब रुपए नहीं निकले तो भैरोलाल वापस घर पहुंचे।
मोबाइल पर मैसेज आये तो ठगी का चला पता
घर पहुंचने के कुछ देर बाद ही उनके मोबाइल पर पैसे निकलने के मैसेज आने लगे और जब त कवह बैंक पहुंचकर एटीएम कार्ड ब्लॉक कराते ठग उनके खाते से 95 हजार रूपये निकाल कर खाता साफ कर चुका था। कार्ड को ब्लॉक कराकर पीडित बहोड़ापुर थाने पहुंचा और मामले की शिकायत की। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
ठग का हुलिया
पीडि़त बुजुर्ग ने बताया कि ठग की उम्र लगभग 20 से 21 वर्ष के बीच थी और उसने जींस पैंट और शर्ट पहनी थी। उसका रंग साफ था और कद काठी से भी सामान्य था। पुलिस इस हुलिया को ध्यान में रखकर पड़ताल कर रही है।
CCTV निकालेगी पुलिस
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और ATM में लगे CCTV कैमरे के फुटेज मांगे हैं। यह फुटेज मिलने के बाद ठग का चेहरा साफ हो सकेगा।

