मेले में पहले दिन होगा बंपर व्यापार, 500 से अधिक कारों की प्री-बुकिंग हो चुकी है
ग्वालियर. ग्वालियर व्यापार मेले के औपचारिक शुभारंभ की तारीख आ चुकी है, सोमवार को मेला शुरू हो जाएगा साथ ही दोपहिया व चार पहिया वाहनों पर दी जा रही 50 प्रतिशत आरटीओ छूट भी शुरू हो जाएगी। इस बार मेला करीब डेढ़ महीने देरी से शुरू हो रहा है ऐसे में मेले का इंतजार और भी अधिक बेसब्री से हो रहा है। खासकर वे लोग मेला शुरू होने को लेकर बेताब है जिन्हें वाहन की खरीदी करना है। मेले से डिलेवरी लेने के लिए 500 से अधिक कारों की प्री-बुकिंग विभिन्ना आटोमोबाइल शोरूमों में हो चुकी है। 15 के बाद 16 फरवरी को बसंत पंचती का अबूझ मुहूर्त रहेगा जिसके कारण दूसरे दिन भी बंपर व्यापार होगा हालांकि मेला शुरू होने से पहले ही आटोमोबाइल कारोबारी कारों की अनउपलब्धता के चलते अधिकारिक डिलेवरी दे पाने में असमर्थता जाहिर कर रहे है। मेले में इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर व झूला सेक्टर में सबसे अधिक तेजी से काम चल रहा है। पथकर विक्रेताओं का तो मेले में अच्छा खासा व्यापार भी शुरू हो गया है।
पेड के नीचे बैठकर आटोमोबाइल कारोबारियों बांटी जमीन
मेले के आटोमोबाइल सेक्टर ने आकार लेना शुरू कर दिया है। मेले के कई आटोमोबाइल कारोबारी शनिवार को मेला मैदान पहुंचे और आटोमोबाइल सेक्टर पहुंचकर पीपल के पेड़ के नीचे बैठकर जगह का बंटवारा कर लिया। अलग-अलग कंपनियों के अस्थाई शोरूम बनाने के लिए जमीन निर्धारित हो गई है, काम भी शुरू कर दिया गया है मगर जिस आरटीओ कार्यालय पर पूरे व्यापार का दारोमदार है वही आटो सेक्टर में अभी तक तैयार नहीं पाया है।

