मालनपुर में एक हजार करोड़ रूपए लागत की आधुनिक मेगा इकाई का मुख्यमंत्री ने किया भूमिपूजन
ग्वालियर रेडीमेड गारमेंट पार्क की 7 एवं मुरैना पिपरसेवा की 11 इकाईयों का भी हुआ शिलान्यास
ग्वालियर – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश के औद्योगिक विकास का जो सपना देखा है, चंबल क्षेत्र उसमें सुनहरा अध्याय लिख रहा है। चंबल की भूमि उपजाऊ है, कमाऊ है, साथ ही टिकाऊ भी है। चंबल जैसा टिकाऊ जज्बा और कहीं देखने को नहीं मिलता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को भिण्ड जिले के मालनपुर में एक हजार करोड़ रूपए की लागत से एलिक्सर इण्डस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड की आधुनिक मेगा इकाई का भूमिपूजन करते हुए यह बात कही। इस मौके पर रेडीमेड गारमेंट ग्वालियर की सात इकाईयों और मुरैना जिले के औद्योगिक क्षेत्र पिपरसेवा की 11 इकाईयों का भी भूमिपूजन किया है।
चंबल अब डर के नाम से नहीं बल्कि विकास के नाम से पहचाना जाता है। इस क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोच और प्रदेश सरकार के संकल्प के कारण अनेक औद्योगिक इकाईयां प्रारंभ हुई हैं। इन औद्योगिक इकाईयों के प्रारंभ होने से बेरोजगार युवकों को रोजगार उपलब्ध हो रहा है।
प्रदेश में औद्योगिक विकास के लिये हर संभव कार्य किया जा रहा है। इन्वेस्टर समिट व रीजनल इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव के माध्यम से न केवल देश बल्कि विदेशों से भी इन्वेस्टरों को आमंत्रित करने का कार्य किया गया है, जिसके सार्थक परिणाम भी परिलक्षित हो रहे हैं। ग्वालियर-चंबल संभाग में भी अनेक औद्योगिक इकाईयां स्थापित हो रही हैं, जिनके माध्यम से ग्वालियर-चंबल संभाग के युवाओं को बेहतर रोजगार उपलब्ध होगा।
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री की सोच एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री के संकल्प के कारण प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई गति मिली है। ग्वालियर-चंबल संभाग में भी औद्योगिक विकास की दिशा में अनुकरणीय कार्य हो रहा है। मालनपुर में एक हजार करोड रूपए की नवीन इकाई स्थापित होने से क्षेत्र के युवाओं को बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में एलिक्सर इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर अरुण गोयल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के विशेष प्रयासों से ही मालनपुर में नई इकाई की स्थापना हो सकी है। मध्यप्रदेश में उद्योगों के लिये बेहतर अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। प्रदेश सरकार उद्योगों के विकास के लिये हर संभव सहयोग कर रही है।
मुख्यमंत्री ने नवीन उद्योगपतियों से किया वर्चुअल संवाद
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मालनपुर में आयोजित समारोह से ग्वालियर रेडीमेड गारमेंट पार्क में स्थापित की जा रही नई इकाईयों के संचालकों और मुरैना जिले के पिपरसेवा में स्थापित की जा रही नई इकाईयों के संचालकों से भी वर्चुअली संवाद किया। ग्वालियर रेडीमेड पार्क से अमित जैन, मोहित शिवहरे, हर्षित बंसल एवं संजय खण्डेलवाल से संवाद कर नई इकाईयों के संचालन के संबंध में चर्चा की। मुख्यमंत्री ने सभी को नई इकाई प्रारंभ करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि नई इकाईयों के माध्यम से बेहतर कार्य कर प्रदेश के विकास में भागीदार बनें और जरूरतमंदों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करें।

