महाकाल कारिडोर का लोकार्पण करने 9 अक्टूबर को उज्जैन आएंगे PM मोदी
उज्जैन. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 9 अक्टूबर को महाकाल कारिडोर का लोकार्पण करने उज्जैन आएंगे। वे श्री महाकाल महाराज मंदिर परिसर विस्तार परियोजना के प्रथम चरण में महाकाल मंदिर क्षेत्र में आकार लिए 310 करोड़ रुपये के आठ निर्माण कार्यों का लोकार्पण करेंगे। उनके आगमन की तैयारियों के लिए बैठकों का दौर सोमवार से शुरू हो गया। उज्जैन स्मार्ट सिटी कंपनी के अधीक्षण यंत्री नीरज पांडे ने प्रधानमंत्री के आगमन की तारीख साझा की। सोमवार को अभिरंग नाट्यगृह में अखिल भारतीय कालिदास समारोह की तैयारियों के लिए रखी स्थायी समिति की बैठक में धर्मस्व विभाग की मंत्री उषा ठाकुर और कलेक्टर आशीष सिंह ने भी इसकी पुष्टि की।
127 विशाल मूर्तियां एवं 108 शिव स्तम्भ स्थापित किए जा चुके
महाकाल मंदिर क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए 700 करोड़ रुपये मंजूर किए जा चुके हैं। इनमें से 316 करोड़ रुपये के आठ निर्माण कार्य आकार पूर्णतः की ओर हैं। महाकालेश्वर मंदिर में प्रवेश के लिए त्रिवेणी संग्रहालय के नजदीक दो नए भव्य प्रवेश द्वार, 920 मीटर लंबा खूबसूरत कारिडोर, हार-फूल-प्रसाद, श्रृंगार की दुकानें, टिकट काउंटर और सोलर सिस्टम युक्त सरफेस पार्किंग जोन का निर्माण किया जा चुका है। कारिडोर में एक तरफ पत्थर एवं फाइबर रेनफोर्स प्लास्टिक से बनीं भगवान शिव और अन्य देवी देवताओं की 127 विशाल मूर्तियां एवं 108 शिव स्तम्भ स्थापित किए जा चुके हैं।
वीआइपी गेट से गर्भगृह तक धर्म संस्कृति के रंग बिखरेंगे
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 9 अक्टूबर को महाकाल कारिडोर का लोकार्पण करने उज्जैन आएंगे। मंदिर प्रशासन ने तैयारियों को लेकर बैठक का दौर शुरू हो गया है। प्रशासक गणेश कुमार धाकड़ ने समिति सदस्य, अधिकारी तथा विभाग प्रभारियों के साथ अलग-अलग बैठकर मंदिर की साज सज्जा, दर्शन व्यवस्था आदि के संबंध में चर्चा की।
प्रधानमंत्री महाकाल कॉरिडोर से होते हुए फैसिलिटी सेंटर के वीआइपी द्वार से मंदिर में प्रवेश करेंगे तथा गर्भगृह में भगवान महाकाल का अभिषेक पूजन कर आशीर्वाद लेंगे। मई 2022 में महाकाल दर्शन करने आए पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द को भी फैसिलिटी सेंटर के इसी विशेष द्वार से मंदिर में प्रवेश कराया गया था। बताया जाता है प्रशासन ने विभाग प्रभारियों को मंदिर का भ्रमण कर टूट फूट देखने तथा कराए जाने वाले कार्यों को सूचीबद्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

