भोपाल हिट एंड रन केस में ड्राइवर गिरफ्तार, घायलों ने कहा कार को 3-4 बार आगे-पीछे कर हम लोगों को कुचला, फिर भाग निकला ड्राइवर
भोपाल. रेलवे स्टेशन के सामने शनिवार देर रात दुर्गा प्रतिमा जुलूस में शामिल युवकों को कार से कुचलने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जुलूस में फंस जाने के बाद ड्राइवर ने 3 से 4 बार कार को आगे-पीछे किया और लोगों को कुचलता रहा। गंभीर रूप से घायल रोशन शाक्य ने बताया कि वह 10 मीटर तक घसीटता रहा। जुलूस में शामिल लोग चिल्लाते रहे। पुलिस भी वहीं खड़ी थी लेकिन कार को रोक नहीं पाई। आगे सड़क पर झांकी होने की वजह से काफी लोग बच गए। उधर डीआईजी इरशाद वली ने ड्राइवर के गिरफ्तार किए जाने का दावा किया है। हालांकि इस दावे के 5 घंटे बाद भी पुलिस न तो आरोपी का नमा बता सकी है और न ही कार का नंबर, पुलिस अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं।
घटना में घायल युवक रात के मंजर को याद कर सिहर जाते हैं। घायलों ने बताया कि ड्राइवर तीन-चार बार कार को आगे-पीछे कर लोगों को कुचलता रहा। शोर मचाने पर भी वह नहीं रुका। वह कार को करीब 200 मीटर रिवर्स कर द्वारिका नगर की तरफ भाग निकला। घायलों ने बताया कि कार चालक नशे में था। घटना में चांदबड़ बजरिया निवासी रोशन शाक्य, यश साहू, सुरेन्द्र सेन, चित्रांश सिंह घायल हुए हैं। रोशन का लालघाटी स्थित निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। उसकी हालत गंभीर है। उसके सिर, पैर, हाथ में गंभीर चोट लगी है। रोशन ने बताया कि कार चालक मुझे करीब 10 मीटर तक घसीटता गया। मेरे सिर से काफी खून बह रहा था। खून देखकर मैं बेसुध हो गया। इसके बाद मुझे पता नहीं क्या हुआ। होश आने पर अस्पताल में था।

