भारतीय जीवन बीमा निगम के बीमा सप्ताह का हुआ समापन
ग्वालियर भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के ग्वालियर मंडल द्वारा 67 वे स्थापना दिवस के अवसर पर बीमा सप्ताह का आयोजन 1 से 7 सितम्बर के बीच किया गया। बीमा सप्ताह का समापन समारोह 7 सितम्बर को भारतीय जीवन बीमा निगम के सिटी सेंटर स्थित मंडल कार्यालय में आयोजित किया गया। इस समारोह में मुख्य अतिथि डा. सतीश कुमार माथुर (सेवानिवृत्त कुलपति) रहे । मुख्य अतिथि का स्वागत वरिष्ठ मंडल प्रबंधक खलील अहमद एवम् विपणन प्रबंधक सुदेश कुमार पांडेय द्वारा किया गया।
समापन समारोह में खलील अहमद द्वारा मुख्य अतिथि को बीमा सप्ताह के दौरान हुए समस्त आयोजनों के बारे में अवगत कराया, जिसमे की शहर के प्रमुख शिक्षण संस्थानो में जाकर प्रबुद्ध शिक्षकों को पौधायुक्त गमला भेंट कर सम्मानित करना, शहर के सभी पार्षदों को उनके निवास पर जाकर पौधायुक्त गमले प्रदान कर सम्मानित करना, अस्पताल परिसर एवं सिरोल पहाड़ी पर पौधारोपण, ग्राहक संगोष्ठी, स्कूलों में छात्रों को चित्रकला, निबंध लेखन प्रतियोगिता आदि शामिल रहे।
समापन समारोह के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में अव्वल आए छात्र छात्राओं को मुख्य अतिथि सतीश कुमार माथुर, वरिष्ठ मंडल प्रबंधक खलील अहमद एवम् विपणन प्रबंधक सुदेश कुमार पांडेय प्रबंधक (विक्रय) दिवाकर चौधरी द्वारा सम्मानित किया गया ।

