भाजपा नेता ने जल संसाधन की महिला एसडीओ को धमकाया और बोले यहां से निकल जाओ वरना अच्छा नहीं होगा

भोपाल. भाजपा नेता ने जल संसाधन विभाग की महिला एसडीओ को धमकाते हुए गालियां बकी। नाला बन्द कराने पहुंची एसडीओ और उनकी टीम से पूर्व पार्षद कामता पाटीदार ने गाली गलौज करते हुए कहा है कि यहां से निकल जाओ, वरना अच्छा नहीं होगा। इसकी वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आई है।
एसडीओ और उनकी टीम कलियासोत डैम से निकलने वाले नाले को बन्द कराने के लिये पहुंची थी। इस बीच मौके पर पहुंचे भाजपा नेता पाटीदार ने जेसीबी से चाबी निकाल ली और इसके बाद टीम को लौट जाने के लिये कहा। नेता बदसलूकी और लहजे से डरी-सहमी एसडीओ जैसे-तैसे मौके से निकली और थाने पहुंचकर केस दर्ज कराया।
बीजेपी नेता के धमकाने और गाली गलौज का वीडियो
बीजेपी नेता कामता पाटीदार के खिलाफ पुलिस ने सरकारी काम में बाधा पहुंचाने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। मामला मंगलवार शाम पौने 4 बजे का है। एसडीओ और उनकी टीम को धमकाने और गाली गलौज करते हुए कामता पाटीदार का वीडियो भी सामने आया है। वो पिछली निगम परिषद में वार्ड- 85 से पार्षद रह चुका है। फिलहाल पार्टी में कोई पद नहीं है।
अफसर बोली- मुझे भी गालियां दी, बदसलूकी की
कलियासोत डैम की एसडीओ रव्यनीता एन. जैन ने कहा- कलियासोत डैम से रापड़िया की तरफ नहर है। इसमें अवैध तरीके से नाला है। इसे बंद करने गए थे, क्योंकि इसकी शिकायत कई किसानों ने सीएम हेल्पलाइन में की थी और यह लेवल-4 तक पहुंच गई थी। बारिश की वजह से इसे बंद नहीं कर सके थे। मंगलवार को नहर की सफाई के दौरान अतिक्रमण हटाया और अवैध नाले को बंद करा रहे थे, तभी कामता पाटीदार मौके पर आए। पाटीदार ने जेसीबी के सामने ही अपनी SUV खड़ी कर दी। इसके बाद जेसीबी की चाबी निकालकर ड्राइवर राकेश को भगा दिया। विभाग के कर्मचारी प्रकाश साहू और बृजवासी तिवारी से भी अभद्रता की। जब मैंने ऐसा करने से मना किया, तो मुझे भी गालियां देते हुए बदसलूकी की।

