फार्मा कंपनी से रिसी गैस तो मचा हड़कंप, आंखों में जलन और सांस लेने में हुई परेशानी

भोपाल. गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री में बुधवार की दोपहर को क्लोरीन गैस का रिसाव हो गया। इस कारण से लोगों की आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी होने लगी थी। घटना दोपहर 3.30 बजे शहर के जेके रोड स्थित गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया की हिंद फार्मा फैक्ट्री की है। जहां केमीकल स्टोर से क्लोरीन गैस का रिसाव होने लगा और गैस फैलने लगी। जिससे हड़कंम्प मच गया।
गैस को कंट्रोल करने में लगा एक घंटा
मामले की जानकारी मिलते ही गोविंदपुरा एसडीएम रवीश श्रीवास्तव घटनास्थल पर पहुंचे। इधर, एसडीईआरएफ की नगर निगम की फायर ब्रिगेड पुलिस और बिजली कंपनी की टीम घटनास्थल पर पहुंची। फैक्ट्री के बाहर तक गैस का रिसाव हो रहा था। इस पर कास्टिक सोड़ा डालकर गैस को न्यूटल किया गया। इस पूरी प्रोसेस में एक घंटे का समय लगा।
गैस की वजह से फैक्ट्री समेत आसपास मौजूद लोगों की आंखों से आंसू आने लगे। वहीं, सांस लेने में परेशानी होने लगी। एसडीएम श्रीवास्तव समेत अन्य सभी लोग मुंह पर मास्क पहनकर ही रहे। एसडीएम ने बताया कि एक घंटे के अंदर गैस को काबू में ले लिया गया। किसी प्रकार की दिक्कत नहीं हुई।

