पश्चिम बंगाल विधानसभा उपचुनाव, ममता बनर्जी ने भवानीपुर सीट से नामांकन भरा
पश्चिम बंगाल. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विधानसभा उपचुनाव के लिए भवानीपुर सीट से नामांकन दाखिल किया है। यहां बीजेपी उम्मीदवार प्रियंका टिबरीवाल से उनका मुकाबला होगा। ममता विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट से मैदान में उतरी थीं, लेकिन उन्हें बीजेपी उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी के हाथों 1,956 वोटों से हार का सामना करना पड़ा था। कानून के अनुसार, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 5 नवंबर से पहले राज्य विधानसभा का सदस्य बनना होगा।
भवानीपुर सीट के लिए उपचुनाव 30 सितंबर (गुरुवार) को होगा। इसी दिन पश्चिम बंगाल के समसेरगंज और जंगीपुर सीटों के साथ-साथ ओडिशा के पिपली निर्वाचन क्षेत्र में भी उपचुनाव होंगे। वोटों की गिनती तीन अक्टूबर को होगी।
भवानीपुर उपचुनाव में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ कांग्रेस उम्मीदवार नहीं उतारेगी। पहले कांग्रेस ने उम्मीदवार उतारने का वादा किया था, लेकिन बाद में उसे यू-टर्न ले लिया था। 8 सितम्बर को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने कहा था कि एआईसीसी के निर्देश के अनुसार, कांग्रेस 30 सितंबर को होने वाले उपचुनाव से पहले न तो बनर्जी के खिलाफ कोई उम्मीदवार उतारेगी और न ही उनके खिलाफ प्रचार करेगी।

