परीक्षाओं के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने गाइडलाइन जारी की, परीक्षा हाल में 50 फीसद परीक्षार्थी ही बैठ सकेंगे
ग्वालियर. उच्च शिक्षा विभाग ने ऑफलाइन परीक्षा कराने की गाइडलाइन जारी कर दी है। परीक्षा हाल में 50 प्रतिशत विद्याथी ही बैठ सकेंग जो विद्यार्थी कोविड-19 से संक्रमित है उसे परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा समाप्ति के 10 दिन के भीतर पॉजिटिव विद्यार्थी की अलग से परीक्षा कराई जाएगी। उसका रिजल्ट भी सभी विद्यार्थियों के साथ घोषित किया जाएगा। जो विद्यार्थी पॉजिटिव है उसे परीक्षा के दिन कॉलेज में सूचना देनी होगी। जिसकी सूचना प्राचार्य कॉलेज में निर्धारित पत्रक के साथ विश्वविद्यालय में जमा करेंगे।
एक विद्यार्थी से दूसरे विद्यार्थी के बीच 6 फीट की दूरी होगी
जीवाजी विश्वविद्यालय की अध्ययनशालाओं की परीक्षाएं 28 जनवरी से शुरू हो रही हैं, जो विद्यार्थी पाजिटिव हो चुके हैं, उनके स्वजन व विद्यार्थी परीक्षा में उपस्थिति में राहत के संबंध में जेयू से जानकारी मांग रहे थे, लेकिन कोई गाइडलाइन नहीं होने से जेयू के अधिकारी भी राहत देने से मना कर रहे थे। ऐसा कोई नियम नहीं है, परीक्षा के लिए उपस्थित होना होगा, लेकिन मंगलवार को जारी गाइडलाइन से बड़ी राहत मिल गई है। उच्च शिक्षा विभाग के उप सचिव संघमित्रा गौतम ने कहा है कि परीक्षाओं के दौरान छात्र अगर कोरोना पाजिटिव होते है तो उन्हें इसकी जानकारी कालेज प्राचार्य को देनी होगी। साथ ही पाजिटिव रिपोर्ट कालेज में जमा करना होगी, ताकि छात्र को परीक्षा में शामिल होने से छूट मिल सके। प्राचार्यों को ऐसे छात्रों की सूची परीक्षा समाप्ति के पांच दिन के अंदर विवि के कुलसचिव को उपलब्ध कराना होगी। ऐसे छात्रों के लिए परीक्षा के दो सप्ताह बाद फिर से परीक्षा आयोजित की जाएगी। विवि को परीक्षा परिणाम एक साथ जारी करना होंगे। इसके अलावा परीक्षा हाल में कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करना होगा। एक विद्यार्थी से दूसरे विद्यार्थी के बीच 6 फीट की दूरी होगी। साथ ही मास्क लगाकर बैठना होगा।
अध्ययनशालाओं की परीक्षाएं पहले
जीवाजी विश्वविद्यालय की स्नातकोत्तर अध्ययनशालाओं में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की आनलाइन परीक्षा कराने की तैयारी थी, लेकिन उच्च शिक्षा विभाग का आदेश आने के बाद आनलाइन परीक्षा स्थगित कर दी। आफलाइन परीक्षा का टाइम टेबल जारी किया गया है। स्नातकोत्तर की सेमेस्टर आफलाइन परीक्षा 28 जनवरी से शुरू हो रही हैं। परीक्षा भवन में सेंटर रखा गया है। कालेजों की स्नातकोत्तर की सेमेस्टर परीक्षाएं फरवरी में कराने की तैयारी है। इनका भी टाइम टेबल तैयार कराया जा रहा है, फरवरी में कालेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की सेमेस्टर परीक्षाएं शुरू हो सकती हैं। मार्च-अप्रैल में स्नातक की परीक्षाएं संभावित हैं।

