परिवहन मंत्री को फंसाने के लिए 2 करोड़ का ऑफर, BJP से निष्कासित नेता ने ही ऐसा कराया
भोपाल. कुछ दिनों पहले मध्यप्रदेश के राजस्व और परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत पर जमीन हड़पने के आरोप लगाने वाला अपने बयान से पलट गया है। सीताराम उर्फ महेश पटेल ने अब BJP से निष्कासित नेता राजकुमार सिंह धनौरा और विनय मलैया के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पटेल का आरोप है कि धनौरा और मलैया के कहने पर उसने मंत्री के खिलाफ झूठा आरोप लगाया था। उसके मुताबिक मंत्री राजपूत को झूठे केस में फंसाने के लिए धनौरा ने 2 करोड़ रुपए और जमीन दिलाने का ऑफर दिया था। बतौर एडवांस उन्होंने 10 हजार रुपए भी दिए थे। सीताराम ने बताया कि वो मुझे कार से सुप्रीम कोर्ट ले गए। वहां कुछ कागजों पर साइन भी कराए थे। 20 दिन पहले सीताराम ने मंत्री पर उसकी जमीन हड़पकर कैम्ब्रिज स्कूल बनाने का आरोप लगाया था। सीताराम के पिता 6 साल से लापता हैं। बता दें, पटेल ने BJP से निष्कासित जिस राजकुमार सिंह धनौरा पर आरोप लगाया है, वे भी मंत्री राजपूत पर ससुराल से दान में मिली 50 एकड़ जमीन को लेकर घोटाले के आरोप लगा चुके हैं।
राजस्थान ले जाकर अलग-अलग जगह रखा
1 जनवरी 2023 की शाम विनय मलैया के कहने पर राजकुमार धनौरा के ड्राइवर राहुल के साथ उनके (धनौरा) के घर गया। यहां से राजकुमार मुझे अपने साथ दिल्ली सुप्रीम कोर्ट में अलग-अलग शिकायतें डलवाने के लिए ले गए। मुझसे अनजान कागजों पर दस्तखत करवाए। कहा कि ये कागज गोविंद सिंह के खिलाफ झूठा केस बनाने के संबंध में हैं। इसके बाद धनौरा ने मुझसे कहा कि तुम्हारा सागर में रहना ठीक नहीं है। तुम्हें मेरे साथ चलना पड़ेगा और मुझे अपने साथ फोर व्हीलर गाड़ी (सफेद रंग की वेन्यू) से राजस्थान में अजमेर तरफ ले गए और वहीं घुमाते रहे। मुझसे अलग-अलग कागजों पर दस्तखत करवाते रहे। हम लोग वहां पर अलग-अलग कमरों में रहते थे। वहां का पता मुझे नहीं मालूम। राजकुमार धनौरा ने मुझे राजस्थान में अलग-अलग जगहों पर अपने साथ रखा। इस बीच जब भी मैंने घर जाने का बोला, तो धनौरा ने मुझे बंदूक दिखाकर कहा कि अगर घर जाने की बात कही तो तुम्हें जान से मार दूंगा। इसका इल्जाम गोविंद सिंह राजपूत पर लगा दूंगा। मुझे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद मैं 19 जनवरी 2023 को ट्रेन से अपने घर आ गया। घर आने के बाद मैंने पूरी बात अपने परिचित राकेश विश्वकर्मा और परिवार वालों को बताई।

