नीमच, उज्जैन व मंदसौर पर सीएम की चेतावनी, पत्थरबाजों के खिलाफ कानून ला सकती है शिवराज सरकार
भोपाल. प्रदेश में हर कीमत पर अमन-चैन कायम रहना जरूरी है यदि कोई गड़बड़ करेगा तो उसे छोड़ा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री की यह चेतावनी पिछले दिनों नीमच, उज्जैन और मंदसौर में हुई घटनाओं के संबंध में आई है। वहीं इससे पहले मुख्यमंत्री ने इन घटनाओं पर अफसरों से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और विभाग प्रमुखों के साथ बैठक में कहा कि माफिया और मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान में ढिलाई न की जाए, उन्होंने यह भी कहा कि माफियाओं को संरक्षण देने वाले अफसर भी संभल जाएं।
मुख्यमंत्री ने संकेत दिए है कि सरकार पत्थरबाजों के खिलाफ कानून भी ला सकती है। मंत्रालय में मंत्रियों और अफसरों की वर्चुअल बैठक शाम 4.30 से 7 बजे तक चली। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार को पब्लिक से बेहतर फीडबैक को नहीं देता। पब्लिक का प्रतिनिधित्व विधायक और मंत्री करते है इसलिए अफसरों को उनकी लीडरशिप में काम करना है। उन्होंने आगे कहा कि यह दुर्भाग्य है कि किसी अफसर को डांट देता हूं तो जनता ताली बजाती है ऐसा लगता है कि अफसरों के प्रति कहीं अविश्वास सा है, ये नहीं होना चाहिए। आप जनता के बीच विश्वास बनाएं और उनकी बात सुनें साथ ही समस्याएं दूर करें।

