निगम की पार्किंग स्थलों पर अवैध रूप से खड़ी गाड़ियां निगमायुक्त ने कराई जप्त
नगर निगम आयुक्त ने सबसे पहले राजीव प्लाजा पार्किंग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया कि पार्किंग में बिना शुल्क जमा किए अवैध रूप से वाहन खडे हुए है। जिस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए बिना शुल्क जमा किए खडे वाहनों को ट्रैफिक थाने भिजवाने के निर्देश दिए और पार्किंग को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। इसके बाद ओल्ड हाईकोर्ट पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया तथा बिना शुल्क जमा के खडे वाहनों को हटवाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही इस मैकेनिकल पार्किंग का मेंटेनेंस कराने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने कंपू स्थित मल्टी लेवल पार्किंग को देखा तथा वहां पार्किंग सुचारू रूप से संचालित मिली। उन्होंने पार्किंग स्थल पर साफ सफाई के निर्देश दिए। इसके बाद राज पायगा पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया तथा निरीक्षण के दौरान पार्किंग पर स्लोप सही नहीं होने पर सिटी प्लानर को आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया। निरीक्षण के तुरंत बाद मदाखलत अमले ने बिना शुल्क के खडे वाहनों को तत्काल हटाकर ट्रैफिक थाने भिजवाया।
निगमायुक्त ने ग्वालियर व्यापार मेला का निरीक्षण किया तथा मेला की तैयारियों एवं साफ सफाई की जानकारी ली एवं मेले में साफ सफाई कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। मेला समय पर लगे इसको लेकर सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्य तत्काल कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

