नए साल में शिंदे की छावनी स्थित कीरो कैफे पर नाबालिगों को परोस रहे थे नशा, आबकारी विभाग ने मारा छापा
ग्वालियर. नए साल के जश्न की आड़ शिंदे की छावनी पर स्थित कीरो कैफे एंड क्लब पर अवैध रूप से हुक्का बार संचालित होने की जानकारी आबकारी विभाग को मिली, नाबालिग किशोरों को नशा परोस रहे कैफे पर आबकारी विभाग ने छापामार कार्रवाई की। यहां काफी संख्या में नाबालिग हुक्का और शराब पीते लोग मिले। आबकारी के छापे में काफी मात्रा में हुक्का और शराब जब्त की गई, हैरत की बात यह है कि एक महीने पहले ही ये कैफे खुला। आबकारी ने छापामार कार्रवाई रात 12.30 बजे की है। कैफे पर न बार का लाइसेंस था न ही हुक्का बार का। मालिक को हिरासत में लेकर मामला दर्ज किया गया है
उपनिरीक्षक अपर्ण विश्वकर्मा के नेतृत्व में रात कार्रवाई हुई
जिला प्रशासन से मिले निर्देश के बाद 31 दिसम्बर की रात आबकारी अमला अलर्ट था तभी शिंदे की छावनी पर स्थित कीरो कैफे एंड क्लब पर अवैध रूप से हुक्का बार संचालित होने की जानकारी आबकारी विभाग को मिली थी। वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी देने के बाद आबकारी विभाग की टीम ने उपनिरीक्षक अपर्ण विश्वकर्मा के नेतृत्व में रात में 12.30 बजे इस कैफे पर छापा मारा। खास बात यह है कि इस कैफे का संचालन पूरी तरह से अवैघ रूप से हो रहा था। यहां शराब और हुक्का पिलाने का कोई लाइसेंस भी नहीं लिया गया था। हुक्का बार संचालकों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। यहां से शराब की बोतलें और हुक्का एवं उसमें भरा जाने वाला नशे का सामान भी बरामद किया गया है।
कैफे संचालक जितेन्द्र व अन्य पर मामला दर्ज किया गया
जानकारी के अनुसार कैफे के अंदर से आधा दर्जन लोग पकड़े है जिनमें से तीन नाबालिग थे इनके अलावा बड़ो को भी नशा पिलाने का लाइसेंस कैफे के संचालक ने आबकारी विभाग से नहीं लिया था। रात को ही नाबालिग के परिजन को आबकारी विभाग के दफ्तर बुलाया गया, उनको परिजन के सुपुर्द किया गया है। कैफे संचालक जितेन्द्र व अन्य पर मामला दर्ज किया गया है।

