धनतेरस पर बाड़ा, मुरार, ग्वालियर के सराफा बाजार रहेंगे नो व्हीकल जोन, सीसीटीवी-वॉच टॉवर से होगी निगरानी
ग्वालियर. यदि आप दीपावली की खरीदारी के लिए ग्वालियर के बाजार में जा रहे हैं, तो पहले देख लें कि आपके दो पहिया और चार पहिया वाहन कहां तक पहुंच सकते हैं। धनतेरस पर लश्कर, बाड़ा, मुरार, उपनगर ग्वालियर के सराफा बाजारों को नो व्हीकल जोन रखा जाएगा। चार पहिया वाहनों को सुबह से ही एंट्री नहीं होगी। दोपहर होते-होते जैसे ही ट्रैफिक लोड बढ़ेगा, वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। यही नहीं, सोमवार से ही बाड़ा, मुरार के सदर बाजार में बड़े वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। बाजारों की निगरानी सीसीटीवी कैमरे और वॉच टॉवर पर खड़े पुलिस जवान कर रहे होंगे। पांच दिवसीय दीपावली उत्सव के लिए शहर में 750 पुलिस जवान व अफसर तैनात किए जा रहे हैं।
धनतेरस की सुबह से ही चार पहिया वाहनों का प्रवेश सराफा में रोक दिया जाएगा
एसपीअमित सांघी ने बताया कि धनतेरस पर खरीदारी करने आने वालों को परेशानी ना हो, इसके लिए सराफा बाजार व आस-पास के इलाके में थाना पुलिस के साथ ही अतिरिक्त बल तैनात किया जा रहा है। इसमें करीब 750 जवानों, वन विभाग के बल, एनसीसी कैडेट और पुलिस अफसरों को तैनात किया जा रहा है। 1 नवंबर से ही व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। 2 नवंबर को धनतेरस की सुबह से ही चार पहिया वाहनों का प्रवेश सराफा में रोक दिया जाएगा। यहां आने वालों के लिए महाराज बाड़ा के आस-पास करीब आधा दर्जन पार्किंग तैयार की गई हैं।
अफसर करेंगे मॉनिटरिंग
सराफा बाजार को तीन हिस्सों में बांटा जा रहा है। यहां की सुरक्षा के लिए सीएसपी आत्माराम शर्मा, रवि भदौरिया व एसडीओपी प्रवीण अष्ठाना के साथ ही क्राइम ब्रांच डीएसपी व ट्रैफिक डीएसपी भी तैनात रहेंगे। वहीं, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था व सुरक्षा की मॉनीटरिंग एएसपी हितिका वासल व सत्येन्द्र तोमर द्वारा की जाएगी।
उपनगर मुरार सदर बाजार की व्ययवस्था
सात नंबर चौराहा, नारकोटिक्स तिराहा, खुला संतर चौराहा, गरम सड़क छह नंबर चौराहा, अल्पना टाकीज मुरार, अग्रसेन चौराहा व बारादरी चौराहा पर ट्रैफिक प्वाइंट व डायवर्ट प्वाइंट रहेंगे। उत्कृष्ट विद्यालय के सामने व तिकोनिया में फोर व्हीलर की पार्किंग रहेगी। हुरावली लिंक रोड पर बारादरी चौराहा से आर्य नगर तक पार्किंग हो सकेगी। यहां दोपहिया वाहनों की पार्किंग रहेगी। गेरू कोठी में ट्रैक्टर-ट्राली पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
किलागेट बाजार
हजीरा चौराहे, किलागेट व इंटक मैदान के सामने ट्रैफिक प्वाइंट के अलावा हजीरा से तानसेन मकबरा एवं सिविल अस्पताल तक पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है, ताकि जाम न लगे। इंटक मैदान में पार्किंग की व्यवस्था है। ट्रैफिक डायवर्ट प्वाइंट नौ नंबर पुलिया व चार शहर का नाका पर रहेगा। पार्किंग की व्यवस्था इंटक मैदान में की गई है।
महाराज बाड़ा पर यहां कर सकते हैं वाहन पार्क
देवघर गोरखी के सामने व टाउन हाल के पास नगर निगम की पेड पार्किंग के अलावा राठौर पैलेस, श्रीराम पैलेस, गजराराजा स्कूल में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा छत्री बाजार स्टेडियम के आसपास भी चार पहिया वाहन पार्क किए जा सकते हैं। गोरखी में भी वाहन पार्क कराए जा रहे हैं।

