दो समुदायों के बीच विवाद, मुसलमान व्यक्ति हिन्दू नाम रखकर चूडियां बेच रहा था जिसके कारण सारा विवाद हुआ, आरोपित के पास 2 फर्जी आधारकार्ड मिले- गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा
भोपाल. मध्य प्रदेश के गृहमंत्री डॉक्टर नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि इंदौर में दो समुदायों के बीच हुए विवाद मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। उन्होंने बातचीत में कहा कि अधिकारियों की रिपोर्ट के अनुसार एक विशेष समुदाय का व्यक्ति हिन्दू नाम रखकर चूड़ियां बेच रहा था जिसके कारण सारा विवाद हुआ। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि उस आरोपित के पास से 2 फर्जी आधारकार्ड मिले हैं। आरोपितों पर कार्रवाई पुलिस ने कर दी है।
गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि मध्य प्रदेश में तालिबान सोच व राष्ट्र विरोधी मानसिकता वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उज्जैन मामले की नए सिरे से जांच नहीं होगी। दिग्विजय सिंह अपनी तुष्टिकरण की सियासत के लिए देश विरोधी लोगों के पक्ष में खड़े होते आए हैं। उनको ऐसे लोगों का नेतृत्व कर पाकिस्तान ले जाना चाहिए।
उज्जैन में मोहर्रम के लिए जुटी भीड़ द्वारा देश विरोधी नारे लगाने के वीडियो पर प्रदेश में राजनीति गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर नारे के वीडियो को फेक बताया तो सोमवार को मंत्री विश्वास सारंग ने उन पर निशाना साधा। सारंग ने दिग्विजय सिंह को पाकिस्तान का स्लीपर सेल बताया और कहा कि इससे ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण और क्या होगा कि दिग्विजय सिंह हर समय पाकिस्तान परस्ती की बात करते हैं। इधर उज्जैन एसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ल ने कहा कि हमारे पास पुख्ता प्रमाण हैं। वहां भारत विरोधी नारेबाजी हुई है। जिसके वीडियो फुटेज हमारे पास हैं। इसी आधार पर हमने केस दर्ज किया है।

