दिल्ली के चांदनी चौंक की तर्ज पर हजीरा के चूड़ी मार्केट का किया जाएगा सौंन्दर्यीकरण
ग्वालियर. शहर के पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम,स्मार्ट सिटी व टूरिजम विभाग अब मिलकर कार्य कर रहे हैं और ऐतिहासिक इमारतों को लगातार डवलप और उन पर लाइटिंग कर रहे हैं। इससे आने वाले समय में जहां सैलानियों की संख्या बढ़ेगी, वहीं स्थानीय लोगों को भी रोजगार मिलेगा। इसी को ध्यान में रखकर ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के हजीरा स्थित मोहम्मद गौस के मकबरा को अब दिल्ली की तर्ज पर डवलप किए जाने का प्लान तैयार किया जा रहा है। साथ ही हजीरा चौराह के पास बनी चूड़ी मार्केट की दुकानों को हजीरा मंडी में बनाए जा रहे कॉम्लेक्स में शिफ्ट किया जाएगा। करीब दो सप्ताह के अंदर हजीरा मंडी में दो करोड़ की लागत से बनाए जा रहे कॉम्पलेक्स में निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है। कॉपलेक्स के बनने के बाद जहां चूड़ी मार्केट को खाली कराकर वहां पर पार्किंग बनाई जाएगी। वहीं चूड़ी मार्केट की सभी दुकानों को कॉम्पलेक्स में शिफ्ट किया जाएगा। इसके बनने से यहां आने वाले पर्यटकों को राहत मिलेगी, क्योकि यहां की तंग गलियों एवं सड़क पर आए दिन जाम लगता रहता है जो पर्यटन को बढ़ावा देने में सबसे बड़ा अड़ंगा है।
अतिक्रमक मुक्त हो जाएगा मकबरा का गेट
चूड़ी मार्केट के शिफ्ट होने से खाली जमीन पर निगम की ओर से ओपन पार्किंग बनाई जाएगी। वहीं मोहम्मद गौस के मकबरे के सामने की जगह खाली होने से वह फ्रंट में आ जाएगा और यहां आने वाले सैलानी अपने वाहन आसानी से पार्क कर सकेंगे। किलागेट से हजीरा क्षेत्र में सडक़ चौड़ी होने से यातायात भी सुगम हो जाएगा और यहां खड़े होने वाले टैंपू को भी हटा दिया जाएगा,ताकि सैलानी सीधे मकबरे पर पहुंच सके।
मोहम्मद गौस के मकबरे के सामने स्थित चूड़ी मार्केट में 88 दुकानें बनी हुई हैं, जबकि हजीरा मंडी में बनाए जा रहे कॉम्पलेक्स में 92 दुकानें बनाई जाएगी। इसमें चूड़ी मार्केट की सभी दुकानों को शिफ्ट किया जाएगा। इसके बाद चूड़ी मार्केट को यहां से हटा दिया जाएगा और यहां पर पार्किंग बनाई जाएगी। साथ ही मकबरे में लाइटिंग सहित अन्य सुंदरीकरण करण के कार्य किए जाएंगे।

