दिग्विजय सिंह लड़ेंगे कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव
नई दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव अब और दिलचस्प होता जा रहा है। राजस्थान के सियासी संकट और अशोक गहलोत के पर कतरने की चर्चा के बीच अब मध्यप्रेदश के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। दिग्विजय सिंह इस समय राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में भाग ले रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार वो आज रात दिल्ली आएंगे। फिर कल वह नामांकन पर्चा भरेंगे।
दिग्विजय सिंह के चुनाव लड़ने की चर्चा के बीच मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ ने दो टूक कहा कि वो मध्यप्रदेश नहीं छोड़ेंगे। मालूम हो कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर यह कयासबाजी चल रही थी कि मध्य प्रदेश इकाई के प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ेंगे। लेकिन उन्होंने साफ कर दिया है कि वे मध्य प्रदेश नहीं छोड़ेंगे।
कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा, मैं पहले भी कह चुका हूं कि मैं मध्यप्रदेश नहीं छोड़ना चाहता हूं , 12 माह बचे हैं और यदि मैं कोई जिम्मेदारी लेता हूं तो मेरा ध्यान मध्य प्रदेश से हटेगा। अभी मेरा पूरा फोकस सिर्फ मध्यप्रदेश पर है, मैं अपना ध्यान मध्यप्रदेश से हटाना नहीं चाहता।

