तीन भाजपा जिलाध्यक्षों का हटना तय, जल्द नियुक्त होंगे नए अध्यक्ष
भोपाल. एमपी में बीजेपी अपने संगठन को चुस्त- दुरुस्त करने में जुटी है। भाजपा जल्द ही तीन जिलाध्यक्षों को बदलने जा रही है। संगठन स्तर पर इसको लेकर सहमति भी बन गई है। बालाघाट, रतलाम और धार के जिलाध्यक्ष जल्द बदले जाएंगे। बालाघाट जिले के मौजूदा जिलाध्यक्ष रमेश भटेरे, कांग्रेस की कद्दावर नेता हिना कांवरे के खिलाफ चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। भटेरे अपनी पूरी ताकत किरनापुर-लांजी विधानसभा क्षेत्र में लगाए हुए हैं। उन्होंने संगठन को भी अपनी ये मंशा जाहिर कर दी है। लिहाजा रमेश भटेरे के बजाए पार्टी ने नए जिलाध्यक्ष के नामों पर मंथन तेज कर दिया है।
चार महीने में 7 जिलाध्यक्ष बदले
बीजेपी पिछले चार महीने में 7 जिलों के अध्यक्ष बदल चुकी है। अक्टूबर में पांच जिलाध्यक्षों को बदला गया था। इनमें भिंड से देवेंद्र नरवरिया, ग्वालियर से अभय चौधरी, गुना से धर्मेंद्र सिकरवार, अशोकनगर से आलोक तिवारी, कटनी से दीपक सोनी सहित 5 जिलों के जिलाध्यक्ष नियुक्त किए थे। पिछले फरवरी के महीने में अनूपपुर और राजगढ़ के जिला अध्यक्ष बदल दिए गए थे। रामदास पूरी को अनूपपुर जिला अध्यक्ष और ज्ञानसिंह गुर्जर को राजगढ़ जिला अध्यक्ष बनाया गया है।

