जेपी नड्डा भोपाल में करेंगे BJP के नए ऑफिस का भूमिपूजन, 27 मार्च को होगा कार्यक्रम
भोपाल. सात नंबर स्थित बीजेपी के प्रदेश कार्यालय के नए भवन का काम जल्द शुरु हो जाएगा। 27 मार्च को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भूमिपूजन करने भोपाल आएंगे। करीब 100 करोड़ रुपए की लागत से बीजेपी का नया प्रदेश कार्यालय बनाया जाएगा। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने इसकी जानकारी दी है।
जेपी नड्डा फाइनल करेंगे डिजाइन
एमपी बीजेपी के नए प्रदेश कार्यालय के नए भवन की डिजाइन का कॉन्सेप्ट नोट और प्रस्तावित ड्रांइग दिल्ली केन्द्रीय कार्यालय भेजी गई है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा इसे देखकर अपने सुझाव देंगे। नड्डा के सुझावों को शामिल करते हुए नए ऑफिस की ड्राइंग फाइनल होगी।
50 साल की जरूरत के हिसाब से बिल्डिंग में होंगे सभी इंतजाम
बीजेपी का पुराना प्रदेश कार्यालय साल 1991 में बनाया गया था। नए हाईटेक दफ्तर को मप्र की थीम देने वाली डिजाइन पर सहमति बन गई है। नए कार्यालय में पार्टी के सभी मोर्चा के कार्यालय अलग होंगे। पदाधिकारी निवास होंगे। वीआईपी नेताओं के रहने की व्यवस्था होगी। इसमें सेमिनार हॉल, काॅन्फ्रेंस रूम, वीआईपी कक्ष और आधुनिक स्टूडियो होंगे। एक हजार लोगों के बैठने की कैपेसिटी वाला ऑडिटोरियम भी इसी ऑफिस में बनाया जाएगा। सभी मोर्चाें, प्रकोष्ठ कें लिए अलग व्यवस्थाएं की जाएंगी।

