जी-20 का लोगो लगाकर मानसिंह पैलेस पर की गई रोशनी
ग्वालियर. भारत जी-20 देशों का अध्यक्ष बना है। इस खुशी में भारतीय पुरातत्व एवं सर्वेक्षण ने देश के 100 राष्ट्रीय स्मारकों पर रंग-बिरंगी रोशनी करने का फैसला लिया है। इसमें ग्वालियर का मानसिंह पैलेस और दतिया का वीर सिंह पैलेस भी शामिल है। यहां गुरुवार शाम को रोशनी की। साथ ही एक बैनर लगाकर जी-20 का लोगो लगाया गया है।अधीक्षण पुरातत्व विद् भोपाल मंडल मनोज कुमार कुर्मी ने बताया कि जी-20 का अध्यक्ष भारत बना है। इसके लिए एक से सात दिसंबर तक देश भर में 100 स्मारकों पर रोशनी की जाना है। ग्वालियर क्षेत्र में मानसिंह पैलेस और दतिया का वीर सिंह पैलेस शामिल है। वहां पर रोशनी की गई है।
जेयू भी जी-20 शिखर सम्मेलन की गतिविधियों में होगा शामिल
भारत की अध्यक्षता में 2023 में होने जा रहे जी-20 शिखर सम्मेलन से पहले वर्ष भर गतिविधियां होती रहेंगीं। शैक्षणिक गतिविधियों के लिए देश की 75 यूनिवर्सिटी का चयन किया गया है, इनमें ग्वालियर की जीवाजी यूनिवर्सिटी भी शामिल हैं। जी-20 में शामिल विभिन्न देशों के उच्च शैक्षणिक संस्थान के छात्र और शिक्षक देश की यूनिवर्सिटी में आएंगे, ऐसी गतिविधि में जीवाजी यूनिवर्सिटी को भी शामिल होने का मौका मिलेगा। जी-20 के माध्यम से भारत शिक्षा का एक नया खाका प्रस्तुत करने की योजना बना रहा है। कुलपति प्रो. अविनाश तिवारी के अनुसार हमारे लिए यह गौरव का विषय है कि देश की टॉप 75 यूनिवर्सिटी के साथ जी-20 से संबंधित गतिविधियों में शामिल किया गया है।

