जीवाजी क्लब में कब से लग रही थी जुए की फड़ सीसीटीवी कैमरों से खुलेगा राज
ग्वालियर. शहर के रहीसों की सबसे पसंदीदा जगह जीवाजी क्लब। जहां अक्सर शहर के बड़े कारोबारी और रसूखदार अपने परिवार के साथ समय बिताने जाते हैं। इसी फैमिली क्लब के गेस्ट हाउस स्थित कमरे में जुए का अड्डा चल रहा था। पुलिस को यह आशंका है, इस कमरे में जुए की फड़ पहली बार नहीं लगी थी। बल्कि यहां लंबे समय से जुआ खेला जा रहा था। पुलिस यहां लगे सीसीटीवी कैमरों से पूरी पड़ताल करेगी। इसके बाद इसका राज खुल सकेगा।

भाजपा से जुड़े राजू का भाई राकेश कमरा उपलब्ध करवाता था
दरअसल जीवाजी क्लब के गेस्ट हाउस स्थित एक कमरे में लंबे समय से जुआ खेले जाने की सूचना पुलिस को मिल रही थी। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने मंगलवार रात को यहां दबिश दी और जिस समय कमरा नंबर-4 में जुआरी पकड़े गए। यहां से 11 जुआरियों को पकड़ा। भाजपा से जुड़े राजू गुप्ता उर्फ राजू सेठ का भाई राकेश गुप्ता मास्टरमाइंड निकला। उसकी उम्र 65 वर्ष है, लेकिन जुआरियों को कमरा उपलब्ध करवाता था और इनके साथ खुद भी जुआ खेलता था। वह माधोगंज स्थित चितेरा ओली का रहने वाला है। राकेश कुमार गुप्ता पर क्लब के गेस्ट हाउस की देखरेख की जिम्मेदारी थी। इसी का फायदा उठाकर वह यहां जुआ खिलवाने लगा। उसका एजेंट संदीप है, जो 4 हजार रुपए में कमरा बुक करता था, जबकि कमलेश जटारिया एलआइसी एजेंट है जो यहां जुआ खेलने के लिए लोगों को इकठ्ठा कर लाता था।
पुलिस अधिकारियों के पास पहुंचे सिफारिश के लिए रसूखदारों के फोन
जैसे ही जीवाजी क्लब में पुलिस ने दबिश दी तो शहरभर में इस कार्रवाई की खबर फैल गई। क्योंकि पहला अवसर है, जब यहां पुलिस ने जुआ पकड़ा। इंटरनेट मीडिया पर भी आग की तरह खबर फैल गई। पुलिस अधिकारियों के पास भी कार्रवाई होते ही रसूखदारों के फोन सिफारिश के लिए पहुंचे।
पुलिस ने इन्हें पकड़ा
राकेश कुमार गुप्ता पुत्र स्व.बाबूलाल गुप्ता, चितेरा ओली, माधोगंज
मनोज पुत्र राजेंद्र राजपूत निवासी तेल मिल, के पास काल्पी ब्रिज कालोनी
अवधेश पुत्र मुन्नालाल बघेल निवासी पुरानी छावनी
पान सिंह पुत्र टीकाराम कुशवाह निवासी सिकंदर कंपू
ध्रुव राठौर पुत्र सियाराम राठौर निवासी जागृति नगर, जनकगंज
हेमंत कुशवाह पुत्र गंगाराम कुशवाह निवासी हेमसिंह की परेड माधोगंज
सुनील सिंह पुत्र कमल सिंह निवासी गुढ़ा-गुढ़ी का नामा
दिलीप पुत्र स्व.देवीसिंह कुशवाह निवासी सिकंदर कंपू
बृजेश पुत्र बादाम रजक निवासी काेटेश्वर कालोनी, घासमंडी
राजेंद्र पुत्र पातीराम माहौर निवासी लक्कड़खाना
बलवंत पुत्र कालू कुर्मी निवासी घासमंडी, किलागेट

