चोरी के संदेह पर झोला छाप डॉक्टर की लात-घूसों और बेल्ट से पिटाई, 5 लोगों पर FIR दर्ज
भिंड. मेहगांव थाना इलाके के सेंथरी गांव में ग्रामीणों ने एक युवक की चोरी के शक में पिटाई कर दी। पीडि़त एक निजी क्लीनिक चलाता है। जो एक मरीज का उपचार करने के लिये गांव में आया था। ग्रामीणों ने चोरी के शक में लात-घूंसे और बेल्ट से पीट दिया। घटना बुधवार की शाम की है। जिसका वीडियो गुरूवार को सामने आया है। पुलिस ने पीडि़त के शिकायत के आधार पर गुरूवार को मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मेहगांव कस्बे का रहने वाला सत्यनारायण सिंह कुशवाह को निजी क्लीनिक चलाते हैं। झोला छाप डॉक्टर गांव-गांव जाकर मरीजों का उपचार करते हैं। बुधवार की शा मजब वह सेंथरी गांव पहुंचा तो कुछ ग्रामीणों ने उसे घेर लिया। युवक पर चोरी का आरोप लगाते हुए उन्हें लात-घूसों एवं बेल्ट से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।
चोरी के शक में की पिटाई
ग्रामीणों का आरोप है कि 2 दिन पहले गांव के ही धर्मेन्द्रसिंह भदौरिया के घर से 3 लाख रूपये की चोरी हुई थी। जिसमें उन्होंने सत्यनारायण सिंह पर शक जताया था। बिना किसी ठोस सबूत के ग्रामीणों ने उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया। इस पूरी घटना का वीडियो किसी ग्रामीण ने बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
पीडित सत्यनारायण सिंह की शिकायत पर मेहगांव थाना पुलिस ने शिवम भदौरिया, जालिम भदौरिया, विजय, मुलायम सिंह समेत एक अन्य आरोपी के खिलाफ मारपीट, अवैध रूप से बंधक बनाने और अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।

