Latestराज्यराष्ट्रीय

चुनाव से पहले कांग्रेस का भोपाल में सोमवार को प्रदर्शन, जुटेंगे सभी दिग्गज नेता

भोपाल. विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का सोमवार को भोपाल में बड़ा प्रदर्शन होगा। इसमें पार्टी के सभी दिग्गज नेता शामिल होंगे। महंगाई, बेरोजगारी, अनुसूचित जाति-जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग पर हो रहे अत्याचार, गेहूं का समर्थन मूल्य बढ़ाने और अदाणी समूह पर सरकार की चुप्पी का मुद्दा इसमें उठाया जाएगा। राजभवन घेराव के इस कार्यक्रम में पार्टी के सभी विधायक, प्रदेश, जिला व ब्लाक इकाइयों के पदाधिकारी हिस्सा लेंगे।

पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि सभी कार्यकर्ता साेमवार को रोशनपुरा चौराहा स्थिति जवाहर भवन के समीप एकत्र होंगे। यहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ सहित अन्य वरिष्ठ नेता सभा को संबोधित करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह संसद की कार्यवाही में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली में रहेंगे, इसलिए वे प्रदर्शन में शामिल नहीं होंगे।

मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने बताया कि पूरे प्रदेश से कार्यकर्ता इस प्रदर्शन के लिए आ रहे हैं। इसमें आमजन से जुड़े सभी मुद्दों को उठाया जाएगा। अदाणी समूह के प्रकरण में जिस तरह से केंद्र औेर राज्य सरकार ने चुप्पी साध रखी है, उस पर जवाब मांगा जाएगा। सभा के बाद सभी रोशनपुरा चौराहे से पैदल मार्च करते हुए राजभवन जाएंगे और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *