चार पुलिसकर्मी निलंबित, ट्रक ड्रायवरों से कर रहे अवैध वसूली, प्रशिक्षु आईपीएस बेश बदलकर कर रहे थे चैकिंग
ग्वालियर. शहर में पिछले कई दिनों से ट्रक ड्रायवरों से पुलिसकर्मियों द्वारा अवैध वसूली की जा रही थी। यही आरोप की जांच करने के लिये प्रशिक्षु आईपीएस मोती-उर-रहमान निकले तो 4 पुलिसकर्मी ट्रक ड्रायवरों से रिश्वत लेते हुए पकड़े गये। रविवार की रात 2 बजे प्रशिक्षु आईपीएस ट्रक ड्रायवर के वेश में गाड़ी में बैठकर निकले थे।
क्या है पूरा मामला
एसपी ग्वालियर अमित सांघी को काफी लम्बे समय से झांसी रोड के इलाके में पुलिस की अवैध वसूली की शिकायतें मिल रही थी। इस पर उन्होंने पनिहार थाने का चार्ज संभाल रहे प्रशिक्षु आईपीएस मोती उर रहमान को निरीक्षण के लिये कहा था। रात 2 बजे आईपीएस मोती उर रहमान ट्रक में कंबल ओढकर इराके वाले के वेश में सवार होकर निकले थे।
विक्की फैक्ट्रªी चैकिंग पॉइंट पर 4 पुलिस जवानों ने ट्रक रोक लिया और एक जवान ने आगे बढ़कर हाथ बढ़ाते हुए रूपये मांगे, इस बीच पीछे खड़े 3 पुलिस जवान भी हंस रहे थे, तभी ड्रायवर के नजदीक बैठे आईपीएस अधिकारी बाहर निकले। उन्हें देख जवानों के पैरो तले जमीन खिसक गयी और आईपीएस ने तत्काल चारों कांस्टेबल सत्यभानसिंह, थानसिंह यादव, रविन्द्र कुशवाह और मुकेश शर्मा की रिपोर्ट एसपी को दी। उन्होंने सोमवार की शाम चारों पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया।

