ग्वालियर में 27 राज्यों से आएंगे 1100 खिलाड़ी, 11 पर्यटन स्थलों से होंगे रूबरू

ग्वालियर. खेलो इंडिया यूथ गेम्स में देशभर से आने वाले 1100 दिग्गज खिलाड़ी शहर के प्रमुख 11 ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। इसके लिए प्रशासन द्वारा इन पर्यटन स्थलों एवं स्मारकों को सुसज्जित कराया जा रहा है। खेल अधिकारी जोसेफ बक्शला ने बताया कि 31 जनवरी से 11 फरवरी तक शहर में होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स में 27 प्रदेशों से अलग-अलग खेलों के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। साथ ही इस आयोजन में क्षेत्र के करीब 10 हजार युवा जुड़ेंगे।

इन स्थलों पर ले जाया जाएगा
महाराज बाड़ा, किला, किला गुरुद्वारा, जयविलास पैलेस, मोहम्मद गौस का मकबरा, सूर्य मंदिर, जलविहार, बैजाताल, कटोरा ताल, चिड़िया घर, बारादरी, इटेलियन गार्डन को सुसज्जित किया जा रहा है। इन स्थलों पर खिलाड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच भ्रमण करेंगे।
अधिकारियों ने की तैयारियों की समीक्षा
आयोजन की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। भारतीय खेल प्राधिकरण के उप निदेशक शिवानंद मिश्रा एवं जिला पंचायत सीईओ आशीष तिवारी आयोजन की तैयारियों को लेकर विस्तार से समीक्षा की। बैठक में स्मार्ट सिटी सीईओ नीतू माथुर, एएसपी मोतीउर्रहमान, गजेंद्र सिंह, एसडीएम प्रदीप तोमर, विनोद सिंह, जीवाजी विश्वविद्यालय के खेल विभाग अध्यक्ष केशव गुर्जर, खेल अधिकारी जोसेफ बक्शला प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
स्टेशन व एयरपोर्ट पर बनेंगे हेल्प डेस्क
शहर के रेलवे स्टेशन तथा एयरपोर्ट पर खिलाडिय़ों के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किए जाने की तैयारी की जा रही है। ग्वालियर में प्रवेश के दौरान खिलाडिय़ों का अभूतपूर्व स्वागत किए जाने के लिए वॉलेंटियर्स प्रशिक्षित किए जा रहे हैं। खिलाड़ी, कोच, रेफरी, एंपायर व टेक्नीशियन के लिए आवास, परिवहन तथा मेडीकल टीम की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
विश्राम वाले दिन जाएंगे पर्यटन स्थलों पर
जिस दिन जिन खिलाड़ियों का विश्राम रहेगा, उस दिन उन्हें प्रशासन की ओर से पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। 1100 खिलाड़ियों को अलग-अलग दिन ग्रुपों में लेजाकर ऐतिहासिक धरोहरों को दिखाया जाएगा। इसके लिए प्रबंध समिति की ओर से शेड्यूल तैयार किया जा रहा है।

