ग्वालियर में लाडली बहन बनने पहुंची महिलाएं हुई निराश, लोक सेवा केंद्र पर मिला जवाब अभी हमें ही नहीं पता क्या दस्तावेज चाहिए बाद में आना
ग्वालियर. CM शिवराज सिंह ने महिला सशक्तिकरण की ओर एक कदम बढ़ाते हुए लाड़ली बहन योजना का शुभारंभ कर दिया है। साथ ही बहनों को कहा कि उन्हें कहीं जाने की जरूरत नहीं है। आपके घर ही अधिकारी आएंगे और डिटेल, दस्तावेज लेकर आपको इस योजना का लाभ देंगे। पर ऐसा नहीं CM के घोषणा के बाद से ही लोक सेवा केन्द्रों पर लाड़ली बहनों की भीड़ लग रही है। पर योजना के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल रही है। बहनें मूल निवासी, आय प्रमाण पत्र को लेकर गफलत में हैं। लोक सेवा केन्द्र से जवाब मिल रहा है कि अभी हमें ही नहीं पता क्या दस्तावेज चाहिए, आपको कहां से बता दें। लोक सेवा केन्द्र पहुंची बहनें उदास लौट रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि 25 मार्च के बाद से लाड़ली बहन योजना की कार्रवाई शुरू होगी। इसके बाद ही यहां आना।
केन्द्र की प्रभारी को ही नहीं पता कि फार्म कैसे और कब भरे जाएंगे
यह साल चुनावी साल है। साल के अंत मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में होली से पहले 5 मार्च 2023 को प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान ने अपने जन्मदिन पर लाडली बहना योजना लॉन्च की थी। साथ ही यह भी घोषणा की थी कि इस योजना का लाभ लेने के लिए किसी भी बहन को कहीं नहीं जाना होगा। न ही कोई मूल निवासी की जरूरत होगी न ही आय प्रमाण पत्र की आवश्यक्ता होगी। बहनों को घर बैठे ही इस योजना का लाभ मिलेगा। जब से सीएम ने यह योजना लॉन्च की है बहनें योजना का लाभ पाने के लिए जनमित्र केन्द्रों के चक्कर लगा रही हैं। यहां उन्हें कोई जानकारी नहीं मिल रही है जिस कारण बहनें उदास लौट रही है। शनिवार को रेसकोर्स रोड स्थित लोक सेवा केन्द्र पहुंचकर हाल जाना तो असलियत पता लगी। यहां केन्द्र की प्रभारी को ही नहीं पता कि फार्म कैसे और कब भरे जाएंगे। उनका कहना है कि 25 मार्च के बाद जानकारी आएगी कि क्या-क्या दस्तावेज चाहिए।

