ग्वालियर में भाजपा नेता की भानजी की डिग्री निकालकर एक महिला डॉक्टरी कर रही थी, एक दिन में JU ने दे दी डिग्री, मिलीभगत की आशंका
ग्वालियर. भाजपा नेता की भानजी की डिग्री की डुप्लीकेट डिग्री निकालकर तीन साल से एक जालसाज महिला महाराष्ट्र के मुम्बई, मालेगांव सहित कई शहरों में डॉक्टरी कर रही थी। अभी वह सरकारी अस्पताल में बतौर डॉक्टर पदस्थ थी। अभी वह कुछ दस्तावेज निकलवाने के लिए ग्वालियर आई थी कि पुलिस के हाथ लग गई और यह बड़ा खुलासा हुआ है। फर्जी डॉक्टर के पास से कुछ चौकाने वाले दस्तावेज मिले हैं। इसमें जीवाजी यूनिवर्सिटी के डिग्री विभाग से लेकर अन्य कर्मचारियों का बड़ा गड़बड़ झाला नजर आ रहा है। JU ने शातिर महिला को आवेदन के बाद सिर्फ 24 घंटे में डुप्लीकेट डिग्री सहित अन्य मांगे गए डॉक्यूमेंट दे दिए, जबकि इसके लिए 90 दिन का नियम है। इससे साफ है कि मेडिकल कॉलेज के MBBS की मार्कशीट और डिग्री के इस खेल में JU से बड़ा खेल है। पुलिस अब JU के प्रशासनिक अमले और डिग्री जारी करने वालों को तलब करेगी।

डॉ. प्रतीक्षा शर्मा के दस्तावेज पर एक युवती महाराष्ट्र में डॉ. बनकर सेवाएं दे रही
ग्वालियर के गजराराजा मेडिकल कॉलेज (GRMC) से MBBS (बेचलर ऑफ मेडिसिन एंड बेचलर ऑफ सर्जरी) करने वाली भाजपा नेता सतीश बोहरे की भानजी डॉ. प्रतीक्षा शर्मा के दस्तावेज पर मालेगांव की एक युवती पिछले 3 साल से महाराष्ट्र में डॉक्टर बनकर सेवाएं दे रही थी। यह चौंकाने वाला खुलासा झांसी रोड थाना पुलिस की हिरासत में युवती ने खुद किया। दो दिन पहले भाजपा नेता की सूचना के बाद पुलिस ने सिटी सेंटर के होटल विराट इन से मालेगांव की प्रतीक्षा दायमा और उसके साथी मोहम्मद शफीक को हिरासत में लिया था। इन्होंने पुलिस के सामने बड़े-बड़े खुलासे किए हैं।
प्रतीक्षा शर्मा ने गजराराजा मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की डिग्री ली
झांसी रोड थाना प्रभारी शैलेंद्र भार्गव ने बताया आरोपी युवती के ID कार्ड में नाम प्रतीक्षा दायमा लिखा है। वह एमबीबीएस की फर्जी डिग्री के आधार पर वर्ष 2020 से 2022 तक मुंबई के पल्स केयर सेंटर में बतौर आरएमओ (रेजीडेंट मेडिकल ऑफिसर) सेवाएं दे चुकी है और वर्तमान में मालेगांव के सरकारी अस्पताल में पदस्थ थी। भाजपा नेता की भानजी प्रतीक्षा शर्मा ने गजराराजा मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की डिग्री ली है, यह जानकारी आरोपी दायमा तक कैसे पहुंची इसका पता भी पुलिस लगा रही है। दायमा के साथ पकड़ा गया शफीक की भूमिका काफी संदिग्ध है। यह दोनों ही 31 मई से ग्वालियर के होटल में रुके थे। पुलिस ने दाेनाें काे सोमवार तक की रिमांड पर लिया है।
24 घंटे के भीतर जीवाजी यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने सारे डॉक्यूमेंट उपलब्ध कराए
पकड़ी गई फर्जी डॉक्टर प्रतीक्षा दायमा के पास से ऑनलाइन आवेदन की एक स्लिप मिली है जिसके जरिए पुलिस को पता लगा कि फर्जी डॉक्टर प्रतीक्षा दायमा ने भाजपा नेता की भानजी प्रतीक्षा शर्मा के नाम से 6 अक्टूबर 2022 को चालान भरकर ऑनलाइन आवेदन किया था। जिसमें उसने अपनी डिग्री, मार्कशीट व अन्य डॉक्यूमेंट की डुप्लीकेट कॉपी मांगी थी। आवेदन के सिर्फ 24 घंटे के भीतर जीवाजी यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने उनको सारे डॉक्यूमेंट उपलब्ध करा दिए, जबकि इस प्रोसेस में कम से कम 20 दिन और अधिकतम 90 दिन का समय लगता है। अब पुलिस यह समझ नहीं पा रही कि JU को बिना जांच और सत्यापन के डॉक्यूमेंट देने की इतनी जल्दी क्या थी। यही बात पुलिस को समझ नहीं आ रही है। पुलिस अब JU पहुंचकर अफसरों से बात करेगी। पुलिस को ठग व JU के कर्मचारियों के बड़े गठजोड़ की आशंका है।
MBBS का फुल फार्म नहीं बता पाई थी फर्जी डॉक्टर
खुद काे प्रतीक्षा शर्मा बताकर जीआररएमसी में डुप्लीकेट डिग्री आैर मार्कशीट निकलवाने का आवेदन करने वाली आरोपी युवती खुद काे 2018 में एमबीबीएस पास आउट बता रही थी, जब उससे एमबीबीएस का फुल फार्म पूछा ताे वह यह तक नहीं बता पाई। इससे आप अंदाजा लगा सकते हैं कि किस स्तर की जालसाल है यह गैंग। पुलिस डिटेल में पड़ताल करी है।
सोमवार तक की रिमांड पर है आरोपी
झांसी रोड थाना प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव का कहना है कि आरोपी सोमवार तक की पुलिस रिमांड पर हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है कि उन्होंने प्रतीक्षा शर्मा के डॉक्यूमेंट ही क्यों टारगेट किया है।

