ग्वालियर में पुलिस गिरफ्त से भागा व्यापारी के बेटे का हत्यारा, SSP ने तीनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया
ग्वालियर. ग्वालियर में अपहरण और हत्या का आरोपी शनिवार शाम पुलिसकर्मी का हाथ छुड़ाकर भाग निकला। पुलिसकर्मी पीछे दौड़े, लेकिन उसे पकड़ नहीं पाए। वह कुछ दूर बाद गलियों में ओझल हो गया। घटना घासमंडी स्थित श्रीकृष्ण मेमोरियल सरकारी स्कूल के पास की है। पुलिस आरोपी की उम्र की सत्यता जानने उसे स्कूल लेकर आई थी। इसी दौरान जब पुलिसकर्मी बातचीत में व्यस्त हुए तो उसने हाथ में बंधी रस्सी छुड़ा ली और कांस्टेबल का पकड़ा हाथ झटककर दौड़ लगा दी। फरार बदमाश का नाम जयपाल उर्फ मुकेश परिहार है, जो कि एक छात्र के अपहरण, फिरौती और हत्या करने के मामले में आरोपी है। जयपाल 9 साल बाद पुलिस के हाथ आया था। पुलिस एक दिन भी उसे हवालात में नहीं रख सकी। बदमाश को स्कूल तक ले जाने के लिए एक SI सहित तीन पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगी थी, पर वहां दो ही गए। SSP ने तीनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है।
आरोपी ने 9 साल पहले की थी छात्र की हत्या
जयपाल और उसके साथियों ने साल 2013 में बहोड़ापुर इलाके में रहने वाले व्यापारी के बेटे प्रंकुल शर्मा (18) का अपहरण किया था। उन्होंने बदले में फिरौती की मांग की थी। हालांकि बाद में डबरा के पास सिंध नदी में ले जाकर छात्र की हत्या कर दी थी। इस वारदात के 9 आरोपियों में से 8 जेल पहुंच चुके थे, लेकिन जयपाल फरार था। वह यहां से दिल्ली भाग गया और नाम बदलकर रहने लगा। उसने माता-पिता की मदद से खुद को यहां मृत घोषित करवा दिया था। उनका सोचना था कि बेटे को मरा हुआ घोषित करके उसे गिरफ्तारी और कानूनी दांव पेंच से बचाया जा सकता है। वारदात के 9 साल बाद पुलिस को मुखबिर से जयपाल के बारे में खबर मिली। इसके बाद पुलिस लोकेशन के आधार पर दिल्ली पहुंची और शुक्रवार को उसे पकड़ लिया। शनिवार को दिल्ली से ग्वालियर लेकर पहुंची। पुलिस को उसके पास से फर्जी आई कार्ड भी मिला था।
लापरवाही बरतने पर तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड
थाने में आरोपी को लेकर जाने की रवानगी में तीन पुलिसकर्मियों का नाम है, जिसमें एसआई मोहन सिंह, हवलदार रवि पाठक और हवलदार रघुवीर शामिल हैं। पर उसे स्कूल लेकर सिर्फ एसआई मोहन सिंह व हवलदार रवि पाठक ही पहुंचे थे। एक हवलदार गायब था। इस पर बड़ी लापरवाही और चूक को लेकर SSP अमित सांघी ने तीनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। ASP शहर अभिनव चौकसे का कहना है कि एक आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया है। इस मामले में जांच की जा रही है। पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है।

